सहारनपुर में एक नाबालिग के अपहरण के मामले में जमानत पर रिहा हुए आरोपी पर पीड़िता और उसके परिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से धमकाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने जमानत के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। दहशत के कारण परिवार गांव से पलायन करने को मजबूर हो गया है। यह मामला थाना बेहट क्षेत्र का है। थाना बेहट क्षेत्र के गांव पठानपुरा, मजरा जसमौर निवासी पीड़ित परिवार ने एसएसपी को दी गई शिकायत में बताया कि 29 दिसंबर 2025 की रात करीब 1:30 बजे उनकी नाबालिग बेटी घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी अरबाज, दानिश और उनके अन्य नकाबपोश साथियों ने तमंचा कनपटी पर सटाकर बच्ची का अपहरण कर लिया। बच्चों के शोर मचाने पर परिजनों ने विरोध किया, लेकिन बदमाश बच्ची को जबरन घर की छत से होते हुए फरार हो गए। इस घटना के संबंध में थाना बेहट में एफआईआर दर्ज की गई थी। पीड़ित का आरोप है कि मामले में आरोपी अरबाज जमानत पर रिहा होने के बाद से लगातार सोशल मीडिया पर पीड़िता और उसके परिवार को निशाना बना रहा है। आरोपी द्वारा अपमानजनक स्टेटस डाले जा रहे हैं, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है और गालियां देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके साथ ही गवाहों को खुलेआम धमकी दी जा रही है कि यदि उन्होंने कोर्ट में गवाही दी तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित परिवार ने थाना बेहट पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और बताया कि उन्हें जान-माल का गंभीर खतरा है। आरोप है कि आरोपी जमानत की शर्तों का उल्लंघन कर रहा है, जिससे पूरे परिवार में दहशत का माहौल है। हालात इतने भयावह हो गए हैं कि पीड़ित परिवार गांव छोड़कर पलायन करने को मजबूर हो गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सोशल मीडिया पर की गई गतिविधियों की भी पड़ताल की जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/t1QFp67
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply