DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

सहारनपुर में सड़क हादसे में बैंड मजदूर की मौत:तेज रफ्तार कार ने कुचला, कार्रवाई न होने पर परिजनों ने SSP से लगाई गुहार

सहारनपुर में एक बैंड मजदूर की सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसी को लेकर बुधवार को मृतक के परिजन पुलिस लाइन पहुंचे और एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। मृतक की पहचान गांव दाबकी जुनारदार निवासी नसीम के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि नसीम परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके पांच छोटे बच्चे हैं, जिनकी परवरिश की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। नसीम की मौत से परिवार के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग की है। यह घटना 23 जनवरी की है। नसीम एक शादी समारोह में बैंड पर मजदूरी करने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह सड़क पार कर रहा था, तभी एक तेज रफ्तार काले रंग की स्कॉर्पियो कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नसीम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों के अनुसार, घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है, जिसे उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सौंपा है। फुटेज में कथित तौर पर टक्कर मारने वाले वाहन और उसकी दिशा स्पष्ट दिखाई दे रही है। इसके बावजूद आरोपी चालक की गिरफ्तारी न होने से परिवार में रोष है। बुधवार को पीड़ित परिवार के सदस्यों ने पुलिस लाइन पहुंचकर एसएसपी से मुलाकात की और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी वाहन चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


https://ift.tt/2wJUuyl

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *