सहारनपुर में अवैध खनन और खनिज के गैरकानूनी परिवहन को लेकर डीएम मनीष बंसल ने सख्त कार्रवाई की है। जांच में लापरवाही और मिलीभगत सामने आने पर राजस्व विभाग के चार कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो सीजनल संग्रह अमीनों को ब्लैक लिस्ट कर उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। वहीं, मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसएसपी को पत्र भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, तहसील बेहट और थाना बेहट क्षेत्र स्थित कलसिया चेक पोस्ट पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग और वाहनों के रजिस्टर की नायब तहसीलदार फैजाबाद और नायब तहसीलदार मुजफ्फराबाद से जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। रिपोर्ट के मुताबिक, 27 जनवरी की रात लेखपाल संतोष मिश्रा, संग्रह अमीन योगेश कुमार प्रथम और कांस्टेबल संदीप की ड्यूटी के दौरान खनिज से लदे वाहन बिना वैध अनुमति के निकलते पाए गए। इसी तरह 28 जनवरी की रात लेखपाल नीरज जोनी, संग्रह अमीन श्रवण कुमार प्रथम, कांस्टेबल संदीप धाना और कांस्टेबल विनोद की मौजूदगी में 211 वाहन बिना वैध कागजात के चेक पोस्ट से गुजरे। वहीं, 29 जनवरी की रात लेखपाल प्रदीप कुमार तृतीय, संग्रह अमीन अरशद, कांस्टेबल रोहित और लीलाधर की ड्यूटी के दौरान 285 उपखनिज से लदे वाहन बिना वैध जांच के निकाल दिए गए। जांच में दोषी पाए गए तीन लेखपाल और एक नियमित संग्रह अमीन को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा दो सीजनल संग्रह अमीनों को ब्लैक लिस्ट कर नौकरी से हटा दिया गया है। डीएम मनीष बंसल ने साफ कहा है कि अवैध खनन करने वालों और इसमें किसी भी स्तर पर शामिल कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनन पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जाएगा और आगे भी सख्त निगरानी जारी रहेगी।
https://ift.tt/7xQ6F49
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply