सहारनपुर में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन रक्षक नागल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संगठन विस्तार को लेकर कई बड़े निर्णय लिए गए। राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ओहलान ने प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए सुनील ठाकुर को उत्तर प्रदेश प्रभारी, मुस्तजाब (मोती) को सहारनपुर महानगर अध्यक्ष और बलकार सिंह को अमित ओहलान जिला महासचिव नियुक्त किया। ओहलान ने बताया कि इन पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति समर्पण, निष्ठा और सक्रियता दिखाई है। उन्होंने किसानों, मजदूरों और जरूरतमंदों की आवाज को मजबूती से उठाया है। उनके योगदान को देखते हुए उन्हें पदोन्नति दी गई है, जिससे प्रदेश में संगठन और अधिक सुदृढ़ होगा। नई जिम्मेदारी मिलने पर सुनील ठाकुर ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उसे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसान, मजदूर, व्यापारी और गरीब मजलूमों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। उनका लक्ष्य संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करना है। ठाकुर ने यह भी कहा कि संगठन में पद बड़ा या छोटा नहीं होता, बल्कि एकजुट होकर काम करना ही असली ताकत है। महानगर अध्यक्ष बनाए गए मुस्तजाब (मोती) ने अपनी प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सहारनपुर में ग्रामीण और शहरी स्तर पर किसानों की समस्याओं को गंभीरता से उठाने का संकल्प लिया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष जीतेंद्र सैनी और जिलाध्यक्ष रविंद्र सैनी ने भी अपने विचार व्यक्त किए और नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन हेमंत अरोरा ने किया। इस अवसर पर सुबह सिंह मलिक, राहुल चौधरी, उदित चौधरी, बिल्लू त्यागी, सुनील शास्त्री, अजीत सैनी, गजेंद्र नोशरान, अर्जुन, अनिरुद्ध त्यागी, शाहनवाज, सलीम, विपिन धीमान, सन्नी, अजीत चौधरी, छोटू, कलीम, विजय सैनी, हरेंद्र सैनी, सचिन जाट, रजत यादव और रोहित जाट सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
https://ift.tt/SPuDBMe
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply