सहारनपुर में कड़ाके की ठंड और जहरीली हवा ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार को जिले में न्यूनतम तापमान गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते दिन की तुलना में तापमान में एक डिग्री की गिरावट आई है। ठंड के साथ चल रही शीतलहर ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। वहीं फैक्ट्रियों से निकलने वाले धुएं से AQI 325 तक पहुंच गया है। सुबह से ही शहर में ठंडी हवाएं चलती रहीं और आसमान में घना कुहासा छाया रहा। धूप न निकलने के कारण लोगों को दिन भर ठिठुरन महसूस हुई। हालात ऐसे रहे कि सुबह और शाम के समय सड़कों पर आम दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ नजर आई। लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकलते दिखे और अधिकतर ने गर्म कपड़ों, मफलर, टोपी और अलाव का सहारा लिया। ठंड के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी गंभीर चिंता का कारण बना हुआ है। शुक्रवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 325 रिकॉर्ड किया गया। इतनी खराब हवा से बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। सुबह के समय आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में दिक्कत की शिकायतें भी सामने आईं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 15 जनवरी तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं और ठंड का असर बना रह सकता है। दरअसल, एक जनवरी को भी मौसम में कोई खास परिवर्तन नहीं देखने को मिला था। पूरे दिन आसमान में कुहासा छाया रहा और धूप के दर्शन नहीं हुए। सूर्य की किरणें जमीन तक नहीं पहुंच सकीं, जिससे वातावरण में नमी बनी रही। इसी नमी और ठंडी हवाओं के चलते शुक्रवार सुबह शीतलहर का असर और तेज हो गया।
https://ift.tt/OskDej8
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply