सहारनपुर में शनिवार देर रात से ही घना कोहरा छाया हुआ है। रविवार सुबह हालात और बिगड़ गए। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुबह के समय हाईवे से लेकर शहर और ग्रामीण इलाकों की सड़कों पर वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आए। कई जगहों पर वाहन चालकों को हेडलाइट और फॉग लाइट का सहारा लेना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जिले का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड के साथ-साथ प्रदूषण भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। रविवार सुबह जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 353 रिकॉर्ड किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। इससे सांस के मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर यातायात पर देखने को मिला। दिल्ली-देहरादून हाईवे समेत प्रमुख मार्गों पर वाहन धीमी गति से चलते रहे। कई जगहों पर सुबह के समय जाम जैसे हालात बन गए। स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रेलवे ट्रैक के आसपास भी कोहरे का असर दिखा, जिससे कुछ ट्रेनों की रफ्तार कम करनी पड़ी। मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन दिनों तक सहारनपुर और आसपास के इलाकों में कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालांकि, दोपहर के समय हल्की धूप निकल सकती है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। इसके बावजूद सुबह और रात के समय कोहरा घना बना रहेगा।
https://ift.tt/1t5nZla
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply