सहारनपुर में बड़गांव थाना पुलिस की गोकश बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश इसरार पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बड़गांव पुलिस टीम मंगलवार रात चन्द्रपुर मजहबता अंडरपास के पास नियमित चेकिंग कर रही थी। तभी गांव चन्द्रपुर मजबता की ओर से बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। कुछ दूरी पर कच्चे रास्ते पर बदमाशों की बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस टीम के नजदीक पहुंचने पर बदमाशों ने फिर फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान इसरार पुत्र राशिद निवासी चकवाली, थाना रामपुर मनिहारान, सहारनपुर के रूप में हुई है। वह थाना बड़गांव में 25 हजार रुपये का इनामी गोकश था और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसका साथी इलियास पुत्र शरीफ निवासी चकवाली, थाना बड़गांव अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार कांबिंग कर रही है। सीओ अभितेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश थाना बड़गांव में दर्ज गौकशी के मामलों में वांछित था। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इसरार के खिलाफ गोवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
https://ift.tt/oWr0qkE
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply