DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

सहारनपुर जिला अस्पताल में पर्ची बनवाने पहुंची मरीज हुई बेहोश:लाइन में लगे तीमारदार हाथों में उठाकर ले गए इमरजेंसी, गिरने के बाद भी स्टाफ बना रहा तमाशबीन

सहारनपुर के जिला अस्पताल में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर्ची बनवाने के लिए लाइन में खड़ी एक बीमार महिला की हालत बिगड़ती चली गई, लेकिन अस्पताल स्टाफ, मौके पर तैनात पुलिस और होमगार्ड कर्मियों ने कोई मदद नहीं की। हालत ज्यादा बिगड़ने पर महिला अस्पताल परिसर में ही जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद भी जिम्मेदार कर्मचारी मूकदर्शक बने रहे। जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला पर्ची काउंटर पर अपनी बारी का इंतजार कर रही थी। इस दौरान वह बार-बार अपनी बिगड़ती तबीयत का हवाला देकर अस्पताल कर्मचारियों से जल्द पर्ची बनाने की गुहार लगाती रही। महिला ने कहा-साहब, मेरी तबीयत बहुत खराब है, जल्दी पर्ची बना दीजिए। लेकिन आरोप है कि किसी ने उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अस्पताल स्टाफ ने महिला से कह दिया कि अगर तबीयत ज्यादा खराब है तो वह खुद इमरजेंसी वार्ड चली जाए। इसके कुछ ही देर बाद महिला बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। हैरान करने वाली बात यह रही कि महिला के गिरने के बाद भी मौके पर मौजूद अस्पताल कर्मचारी, पुलिसकर्मी और होमगार्ड जवान तमाशबीन बने रहे। न तो किसी ने स्ट्रेचर मंगवाया और न ही व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। आसपास मौजूद आम लोगों ने मानवता दिखाते हुए महिला को उठाया और इमरजेंसी वार्ड तक पहुंचाया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते महिला को स्ट्रेचर या व्हीलचेयर उपलब्ध करा दी जाती, तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।


https://ift.tt/85bvjwd

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *