DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

सर्राफा व्यापारी से पिस्टल सटाकर 17 लाख लूटे:प्रतापगढ़ में 3 बदमाशों ने रोकी कार, चेकिंग से बचने को हाईवे छोड़ पकड़ा था जंगल का रास्ता

प्रतापगढ़ में नकाबपोश बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी से पिस्तौल सटाकर 17 लाख रुपए की लूट कर ली। बाइक सवार बदमाशों ने जेवर-नगद से भरा बैग छीन लिया। जिसमें करीब 9 लाख 60 हजार रुपए नकद और लगभग 3 किलो चांदी थी।
सर्राफा कारोबारी प्रयागराज से एक व्यापारी से मुलाकात करके और 7 किलो चांदी खरीदकर अपने घर अमेठी लौट रहे थे। कार में उनके साथ उनका एक दोस्त और ड्राइवर भी मौजूद था। तभी बीच रास्ते में प्रयागराज-अयोध्या हाइवे पर उन्हें लूट लिया गया।
घटना के 40 मिनट तक व्यापारी ने डर के चलते पुलिस को सूचना तक नहीं दी। हाइवे पेट्रोलिंग टीम ने व्यापारी को रोड किनारे बदहवास, परेशान हालत में देखा तो पूछताछ की। इसके बाद बाद व्यापारी ने लूट की पूरी कहानी बताई।
पुलिस ने कार की जांच की तो सीट के नीचे 4 किलो चांदी छिपी हुई मिली। फिलहाल व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हाइवे पर लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं, ताकि लुटेरों का कोई सुराग मिल सके। घटना जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर प्रयागराज–अयोध्या हाईवे पर देल्हूपुर थाना क्षेत्र की है। अब विस्तार से पढ़िए लूट की पूरी कहानी…
अमेठी के ज्ञानीपुर गांव निवासी रितेश मौर्या की रामगंज बाजार में सर्राफा दुकान है। वे शुक्रवार को अपने दोस्त विकास सोनी और ड्राइवर के साथ प्रयागराज एक कारोबारी से मिलने के लिए गए थे। वहां उन्होंने कुल 7 किलो चांदी खरीदी। चांदी खरीदने के बाद अपनी कार से घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रतापगढ़ में प्रयागराज–अयोध्या हाईवे पर के देल्हुपुर थाना क्षेत्र में गजहेड़ा जंगल के पास एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक किया। बदमाशों ने आगे जाकर बीच रोड पर बाइक लगाकर कार को रोक लिया। इसके बाद बदमाश कार के पास आए और रास्ता पूछने के बहाने शीशा खुलवाया। शीशा खुलते हुए बदमाशों ने रितेश मौर्या के छाती से पिस्टल सटा दी और कार में रखा जेवर-नगद से भरा हुआ बैग लूट लिया। रितेश और विकास ने विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश बैग लेकर भाग निकले। रितेश ने बताया- दो बदमाशों ने हेलमेट पहना हुआ था, जबकि तीसरे ने मुंह पर गमछा बांधा हुआ था। इनकम टैक्स के डर से नहीं दी पुलिस को सूचना
रितेश मौर्या ने इनकम टैक्स के डर से पुलिस को करीब 40 मिनट तक कोई सूचना ही नहीं दी। इसी दौरान करीब 9:15 बजे वहां से गुजर रही हाइवे पेट्रोलिंग टीम ने रितेश को सड़क पर बदहवास खड़े देखा। पास जाकर पूछताछ की तो रितेश ने लूट की पूरी कहानी बताई। सूचना मिलते ही SP दीपक भूकर, ASP शैलेंद्र लाल, CO सिटी प्रशांत राज हुड्डा समेत कई थानों की पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार की जांच की तो अगली सीट के नीचे 4 किलो चांदी छिपी हुई मिली। चेकिंग के डर से पकड़ा जंगल का सूनसान रास्ता
पुलिस ने बताया- व्यापारी के साथ लूटपाट हाइवे से सटे जंगल के इलाके में हुई। दरअसल वे मुख्य हाइवे से होकर जा सकते थे। पर कार में अधिक मात्रा में चांदी और नगद था। हाइवे पर चेकिंग से बचने और संभवत: टोल बचाने के लिए उन्होंने जंगल का शॉर्टकट रास्ता चुना। जिसके कारण लुटेरे आराम से लूटपाट करके फरार हो गए। चार पुलिस टीमों का गठन, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
ASP शैलेंद्र लाल ने बताया कि व्यापारी की तहरीर के आधार पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने हाईवे और संपर्क मार्गों पर चेकिंग तेज कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस देर रात तक मौके पर जांच-पड़ताल करती रही, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। ———————————————- ये खबर भी पढ़िए… कार 100 की स्पीड में पलटी, 3 की मौत:एटा में पेड़ से टकराकर 15 फीट दूर गिरी; गेट तोड़कर निकाला, सड़क पर तपड़ते दिखे
एटा में 100 की स्पीड में कार पेड़ से टकराकर पलट गई। तीन बार पलटी खाई, फिर सड़क से 15 फुट दूर गड्‌ढे में जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर राहगीर दौड़कर मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में कार का दरवाजा तोड़ा और सभी को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। घटना से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें एक किशोर जमीन पर तड़पता हुआ दिखाई दे रहा है। पूरी खबर पढ़िए…


https://ift.tt/lhXIY4H

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *