महोबा के आल्हा चौक स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सोमवार को सप्त शक्ति संगम कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में डीएम गजल भरद्वाज ने कहा इसका उद्देश्य नारी शक्ति का जागरण, महिलाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता, सामाजिक समरसता और पारिवारिक प्रबोधन को बढ़ावा देना है। यह आयोजन रानी दुर्गावती जयंती से नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती तक चलेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सप्त शक्ति संगम टोली की प्रांतीय सदस्य इंद्रा पुरवार ने इसकी अध्यक्षता की। रामनगर से विशिष्ट अतिथि आशी सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद थीं। प्रधानाचार्य अर्चना वर्मा ने अतिथियों का परिचय कराया और कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की। कार्यक्रम में नारी शक्ति, शिक्षा, खेल, सुरक्षा, पारिवारिक समरसता और समाज में महिलाओं के योगदान पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्य वक्ता अर्चना वर्मा ने महिलाओं को समाज में जागरूकता और नेतृत्व के लिए प्रेरित किया। अतिथि निधि त्रिपाठी ने संयुक्त परिवार की परंपरा और आधुनिक समय में बदलते सामाजिक परिदृश्य पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने नारी सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और संयुक्त परिवार जैसे विषयों पर लघु नाटिकाएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विशिष्ट अतिथि आशी सिंह ने महिलाओं के अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और गृहस्थ जीवन में माताओं के प्रभाव की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने सप्त शक्ति संगम के सात गुणों – कीर्ति, श्रीवाक्, स्मृति, मेधा, धृति और क्षमा – के आधार पर महिलाओं को मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर समाज और शिक्षा में योगदान देने वाली मातृशक्तियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में विमला गुप्ता, राखी रावत और विनीता गोस्वामी शामिल थीं। अंत में प्रधानाचार्य कमलेश सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सदस्यों के साथ स्थानीय महिलाएं और माताएं भी उपस्थित रहीं।
https://ift.tt/THFkK3R
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply