कासगंज जिले की तहसील में कमिश्नर संगीता सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में एक फरियादी के साथ पुलिस द्वारा अभद्रता का मामला सामने आया है। अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचे फरियादी को कोतवाली कासगंज के इंस्पेक्टर प्रवेश राणा ने कथित तौर पर गिरेबान पकड़कर धक्के देकर थाने ले गए। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। घटना शनिवार को सदर तहसील में हुई। शहर के मोहल्ला जय जय राम निवासी संतोष गौड़ अपनी पहाड़पुर गांव स्थित गाटा संख्या 215/210 स की भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे की शिकायत लेकर कमिश्नर से मिलने पहुंचे थे। संतोष गौड़ को समाधान दिवस के हॉल के बाहर खड़े कोतवाली कासगंज प्रभारी प्रवेश राणा ने रोक लिया। आरोप है कि उन्हें धक्के मारकर तहसील के बाहर लाया गया और फिर गिरेबान पकड़कर थाने ले जाकर बिठा दिया गया। फरियादी संतोष गौड़ ने बताया कि पुलिस ने उन्हें तीन घंटे तक जबरन थाने में बिठाए रखा। जब उन्होंने भूख लगने पर खाना खाने जाने की बात कही, तो उन्हें न खाना दिया गया और न ही जाने दिया गया। गौड़ अपनी जमीन को कब्जा मुक्त कराकर उस पर गुरुकुल बनाना चाहते हैं। पीड़ित के मुताबिक, वह ढाई सौ से अधिक बार तहसील समाधान दिवस और आईजीआरएस के माध्यम से न्याय की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला है। अब उन्होंने लखनऊ में धरना देने की बात कही है।
https://ift.tt/I605TRZ
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply