बरेली। सामाजिक संस्था समर्पण एक प्रयास ने जिला अस्पताल परिसर में जरूरतमंदों और मरीजों के तीमारदारों को 1100 कंबल, टोपी, मफलर और मौजे वितरित किए। कड़ाके की ठंड के बीच यह संस्था का लगातार छठा सेवा कार्यक्रम था। संस्था के अध्यक्ष दिलीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि समर्पण एक प्रयास पिछले नौ वर्षों से जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों को प्रतिदिन 250 से 500 लोगों तक निःशुल्क भोजन उपलब्ध करा रही है। इसके अतिरिक्त, संस्था हर साल सर्दी के मौसम में गरीब, असहाय और बेसहारा लोगों को कंबल व गर्म वस्त्र वितरित कर सामाजिक दायित्व निभाती है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडीएम फाइनेंस संतोष कुमार सिंह और एएसपी सोनाली मिश्रा ने स्वयं जरूरतमंदों को कंबल व गर्म वस्त्र वितरित किए। इस अवसर पर एडीएम फाइनेंस संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सेवा और समर्पण से आत्मिक शांति मिलती है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। एएसपी सोनाली मिश्रा ने बताया कि वे अपने जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर वंचित वर्ग की सहायता कर उन्हें भी खुशी में शामिल करेंगी। इस दौरान कवि रोहित राकेश ने अपनी काव्य पंक्तियों के माध्यम से सेवा भाव और सामाजिक उत्तरदायित्व का महत्व समझाया। इस सेवा आयोजन में अश्विनी ओबरॉय, संजय सिंघल, सुरेंद्र लाला, महेश मेहरोत्रा, आराधना अग्रवाल, हर्ष अग्रवाल, मोहन गुप्ता सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
https://ift.tt/c3eCK4x
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply