DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

सपा का एसआईआर में धांधली का आरोप, प्रदर्शन:देवरिया से राज्यपाल को भेजा ज्ञापन, बोले- राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा

देवरिया में समाजवादी पार्टी (सपा) ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में कथित अनियमितताओं के खिलाफ मंगलवार को प्रदर्शन किया। पार्टी ने राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को सौंपा, जिसमें मतदाता सूची में पारदर्शिता बनाए रखने की मांग की गई। सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर यह ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जिले के कुछ स्थानों पर राजनीतिक दबाव का उपयोग करके बीएलओ से फॉर्म-7 भरवाए जा रहे हैं। इसके माध्यम से वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। व्यास यादव ने चेतावनी दी कि यदि ऐसी गतिविधियां जारी रहती हैं, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करेगा और आम मतदाताओं का भरोसा कमजोर होगा। सपा नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि मतदाता पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी वैध मतदाता का नाम बिना ठोस आधार के नहीं हटाया जाना चाहिए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि उनकी शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने जोर देकर कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी स्वीकार नहीं की जाएगी। ज्ञापन सौंपने के बाद, सपा प्रतिनिधिमंडल ने निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की अपनी मांग दोहराई। इस अवसर पर पूर्व विधायक आशुतोष उपाध्याय, गजाला लारी, पूर्व एमएलसी जे.पी. जायसवाल, अशोक कुशवाहा, हाफिज शहादत हुसैन अंसारी, मंजूर हसन, हृदयनारायण जायसवाल, बेचूलाल चौधरी, जयराम राजभर, प्रज्ञानन्द चौधरी, परमहंस यादव, संतोष यादव, रामबली यादव, राजवंशी राजभर, कमलेश पांडेय, अमरेंद्र यादव, रमेश यादव, अर्जुन यादव, आज़म भाई, मोतीलाल यादव, विकास पासवान, गिरीश जायसवाल, वीरेंद्र यादव, दीनानाथ चौधरी, अमरनाथ यादव, जावेद अंसारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।


https://ift.tt/lcGYXTf

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *