देवरिया में समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर बुधवार को महान समाजवादी नेता, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पूर्व केंद्रीय मंत्री लोकबंधु राजनारायण की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर सपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव मंजूर हसन ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने लोकबंधु राजनारायण को एक महान स्वतंत्रता सेनानी, कुशल राजनेता और प्रखर समाजवादी विचारक बताया। उन्होंने कहा कि राजनारायण आचार्य नरेंद्रदेव और डॉ. राममनोहर लोहिया के करीबी सहयोगी थे। संपन्न परिवार से होने के बावजूद उनके हृदय में शोषितों, वंचितों और गरीबों के लिए गहरा प्रेम था। उन्होंने अपना पूरा जीवन अन्याय, अत्याचार और सत्ता की निरंकुशता के खिलाफ संघर्ष करते हुए बिताया। व्यास यादव ने आगे कहा कि लोकबंधु राजनारायण सत्ता के दमन और उत्पीड़न से कभी विचलित नहीं हुए। उन्होंने सत्ता की अराजकता का डटकर मुकाबला किया और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने बताया कि अपने संघर्ष के दौरान लोकबंधु 58 बार जेल गए, लेकिन उनके हौसले कभी कमजोर नहीं पड़े। सत्ता में बैठे लोगों के अहंकार को लोकतांत्रिक तरीके से तोड़ने का उनका उदाहरण आज भी भारतीय राजनीति में दुर्लभ है। सपा जिलाध्यक्ष ने वर्तमान परिस्थितियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज देश में एक बार फिर वैसी ही स्थितियां बन रही हैं, जहां सत्ता की सनक में चूर लोग खुद को सर्वश्रेष्ठ समझने लगे हैं। ऐसे समय में समाजवादी कार्यकर्ताओं को लोकबंधु राजनारायण के दिखाए रास्ते पर चलकर निरंकुश सत्ता को करारा जवाब देना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हाथों को मजबूत करने का आह्वान किया, ताकि लोकबंधु राजनारायण का सपना साकार हो सके। इस अवसर पर राजवंशी राजभर, हृदयनारायण जायसवाल, चौधरी बेचूलाल, नित्यानंद तिवारी, राम बच्चन यादव, एन.पी. यादव, गोपी यादव, चंद्रभान, राम नारायण, राजनाथ, अर्जुन यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
https://ift.tt/xct12GD
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply