शाहजहांपुर के एक गांव में अंधाधुंध फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में गोली लगने से एक युवक और उसकी मां घायल हो गए, जबकि पथराव में युवक की चाची को भी चोटें आई हैं। यह घटना प्रेम-प्रसंग से जुड़ी बताई जा रही है। थाना पुवायां क्षेत्र के खिरिया पाठक गांव निवासी 19 वर्षीय ममनून शुक्रवार की दोपहर गांव की मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था। ममनून के सजदे में जाते ही दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे मस्जिद के अंदर पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर ममनून के परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। ममनून अपनी जान बचाकर मस्जिद से बाहर भागा, तभी आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली ममनून को लगी और दूसरी उसकी मां को। बीच-बचाव करने आई उसकी चाची के साथ भी मारपीट की गई और उन पर पथराव किया गया, जिससे उन्हें चोटें आईं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और आरोपी मौके से फरार हो गए। तीनों घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उनका इलाज जारी है। घायल ममनून ने बताया कि करीब एक साल पहले गांव की एक युवती से उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवती के परिवार को इसकी जानकारी होने पर पहले भी विवाद हुआ था, जिसे तब शांत करा दिया गया था। ममनून का दावा है कि उसने एक साल से युवती से बात करना बंद कर दिया था। हालांकि, दूसरे पक्ष को शक था कि वह अभी भी युवती से बात करता है। इसी शक के चलते नमाज पढ़ते समय उस पर हमला किया गया। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। तीनो घायलों का इलाज चल रहा है। तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। घटना पुरानी रंजिश से जुड़ी है।
https://ift.tt/13ePfmO
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply