DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

संभल में 11 फरवरी को बालक-बालिका कुश्ती प्रतियोगिता:विजेता पहलवानों को वाराणसी में राज्य स्तरीय मौका

संभल में 11 फरवरी, बुधवार को 15 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका पहलवानों के लिए जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिला कुश्ती संघ, संभल के तत्वावधान में यह प्रतियोगिता प्रातः 10 बजे से त्यागी स्पोर्ट्स स्कूल एवं माता राजकली देवी आर्य कन्या गुरुकुल, कल्याणपुर में होगी। इस आयोजन को लेकर जिले के पहलवानों और खेल प्रेमियों में उत्साह है। जिला कुश्ती संघ के सचिव आर्य भोले सिंह त्यागी ने बताया कि प्रतियोगिता में वर्ष 2011, 2012 और 2013 में जन्मे बालक एवं बालिका पहलवान हिस्सा ले सकेंगे। सभी खिलाड़ियों के लिए माता-पिता का अनुमति पत्र या मेडिकल सर्टिफिकेट लाना अनिवार्य होगा। पहचान के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट या जन्म प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना आवश्यक है। त्यागी ने यह भी बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पहलवान 17 से 19 फरवरी तक वाराणसी में होने वाली राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में संभल जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता के लिए भार वर्ग भी निर्धारित किए गए हैं। बालिका वर्ग में 38, 36, 39, 42, 46, 50, 54, 58, 62 और 66 किलोग्राम भार वर्ग शामिल हैं। बालक वर्ग में फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन स्टाइल के तहत 38, 41, 44, 48, 52, 57, 62, 68, 75 और 85 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले होंगे। जिला कुश्ती संघ ने सभी खिलाड़ियों, कोचों, उस्तादों और खलीफाओं से निर्धारित समय पर त्यागी स्पोर्ट्स स्कूल पहुंचने और प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है। आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


https://ift.tt/fLrYSBR

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *