संभल में बेसहारा पशुओं के लिए 1.65 करोड़ रुपये की लागत से बनी आधुनिक कान्हा गौशाला का लोकार्पण किया गया। करीब छह एकड़ भूमि पर निर्मित इस गौशाला में लगभग 300 गायों और नंदियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। लोकार्पण वैदिक रीति से तीन कुंडीय यज्ञ अनुष्ठान के साथ हुआ, जिसके बाद अतिथियों ने शिलापट का अनावरण किया। यह गौशाला बुधवार को जनपद संभल की तहसील गुन्नौर की नगर पंचायत बबराला क्षेत्र में खेड़े वाले शिव मंदिर के पीछे लगभग नौ बीघा भूमि पर विकसित की गई है। लोकार्पण कार्यक्रम दोपहर 1 बजे शुरू होकर शाम 5 बजे संपन्न हुआ। गौशाला का उद्देश्य आस-पास के क्षेत्रों में भटकने वाले बेसहारा पशुओं को स्थायी आश्रय प्रदान करना है। यहां गायों और नंदियों के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। हरे चारे व भूसे के लिए पृथक गोदाम बनाए गए हैं, साथ ही स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और पशु स्वास्थ्य से जुड़ी सभी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। गौशाला परिसर में गायों के लिए मंगला सदन, धेनु सदन, सुरभि सदन तथा नर गोवंश के लिए नंदी सदन का निर्माण किया गया है। चारे के सुरक्षित भंडारण हेतु विशाल गौ ग्रास भवन भी बनाया गया है। लोकार्पण समारोह में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया, पुलिस अधीक्षक कृष्ण विश्नोई, पूर्व मंत्री/बदायूं विधायक महेश गुप्ता, पूर्व मंत्री अजीत कुमार राजू, उप्र गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल, निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर रामानंद गिरी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल और एसडीएम अवधेश कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। नगर पंचायत चेयरमैन हर्षवर्धन वार्ष्णेय ने बताया कि यह गौशाला सड़कों पर भटकने वाले बेसहारा और परित्यक्त गोवंशों के लिए सुरक्षित तथा सम्मानजनक आश्रय बनेगी। उन्होंने कहा कि यहां उन्हें पौष्टिक हरा चारा, भूसा और स्वच्छ पेयजल मिलेगा। साथ ही, बीमार, घायल एवं विकलांग गोवंशों के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। ईओ अमरेश तिवारी ने जानकारी दी कि गौशाला में गोवंश संरक्षण के साथ-साथ गौ उत्पाद निर्माण, गोबर से जैविक खाद उत्पादन तथा 50 किलोवाट क्षमता के गोबर गैस प्लांट की स्थापना की भी योजना है। उन्होंने बताया कि परिसर में सौर ऊर्जा का उपयोग किया जाएगा और मियावाकी तकनीक से पौधारोपण भी किया गया है। इस अवसर पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष शिखर गोयल, अनिल गुप्ता, कार्तिक गोयल, राकेश परचूनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष योगेंद्र यादव, संजीव वर्मा, प्रभाष, विजय वार्ष्णेय दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
https://ift.tt/53kXnBJ
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply