संभल में ग्राम प्रधान के पोते की जन्मदिन पार्टी में बार-बालाओं के डांस का मामला सामने आया है। इस आयोजन के कई वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने प्रधान पति सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इस घटना से प्रधान और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यह घटना संभल जनपद के थाना हयातनगर क्षेत्र के अख्तियारपुर चौबे गांव की है। गांव निवासी जितेंद्र कुमार की पत्नी ग्राम प्रधान हैं। उनके भाई कल्याण के पोते का जन्मदिन बीते बुधवार रात 10 बजे गांव में धूमधाम से मनाया गया। इस पार्टी में लगभग 300 लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। ग्राम पंचायत चुनाव से पहले आयोजित इस बर्थडे पार्टी में लोगों को आकर्षित करने के लिए बार-बालाओं का डांस कराया गया। इसके लिए एक अलग मंच भी तैयार किया गया था। डांस के दौरान गांव के लोगों और रिश्तेदारों ने जमकर ठुमके लगाए और नोट भी लुटाए। मौके पर छोटे बच्चे भी मौजूद थे। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी उमेश कुमार सोलंकी ने बताया कि कल्याण के घर में बच्चे का जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया था। वीडियो के आधार पर जांच रिपोर्ट में कल्याण सिंह, जितेंद्र, मुनेश, प्रहलाद, सुमन और नवी हसन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस आयोजन के लिए किसी भी अधिकारी या पुलिस से अनुमति नहीं ली गई थी। हालांकि यह कार्यक्रम सीधे तौर पर ग्राम पंचायत चुनाव से जुड़ा नहीं था, लेकिन 2026 में होने वाले ग्राम पंचायत चुनावों की तैयारियों के बीच 300 लोगों के भोजन और नाच-गाने के इस आयोजन को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।
https://ift.tt/H5TfaBm
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply