DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

संतकबीरनगर में अंतर्राज्यीय गिरोह के 2 आरोपी गिरफ्तार:चोरी की गाड़ी, 20 किलो गांजा और 5 लाख नकद बरामद; गाड़ी खरीदने के बहाने करते थे रेकी

संतकबीरनगर पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय अपराध गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी की एक चार पहिया गाड़ी, 20 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा और लगभग 5 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने बताया कि जनपद में हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 5 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने बालूसाशन पुल के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश शाह पुत्र बृजकिशोर शाह, निवासी मोहम्मदपुर निर्मल टोला, थाना माधोपुर, जनपद गोपालगंज (बिहार) और मोहम्मद सिराज पुत्र स्व. अजुल हकीमी, निवासी बंगरा वाजीद, थाना मरियारी, जनपद मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। गिरोह चार पहिया वाहनों की चोरी करता था पूछताछ के दौरान रमेश शाह ने स्वयं को इस संगठित गिरोह का सरगना बताया। उसने स्वीकार किया कि गिरोह चार पहिया वाहनों की चोरी करता है और उनसे प्राप्त धन को आपस में बांटकर जीवनयापन करता है। अभियुक्त ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश से गाड़ियां चुराकर बिहार ले जाते हैं, जहां कुछ गाड़ियों को कम दामों में कबाड़ियों को बेच दिया जाता है, जबकि कुछ वाहन दूर-दराज के इलाकों में अन्य लोगों को बेचे जाते हैं। रमेश शाह ने यह भी कबूल किया कि बरामद वैगनार कार में मिला गांजा वह अधिक मुनाफा कमाने की नीयत से बेचने के लिए ले जा रहा था। उसने बताया कि वह मोहम्मद सिराज और परमेश्वर सोनी पुत्र टेगारी शाह, निवासी बिजुलपुर, चंपारण (बिहार) के साथ मिलकर रात के समय सड़कों और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों की रेकी करता था और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चोरी के साथ-साथ पुरानी गाड़ियों की खरीद-बिक्री बरामद बड़ी नकद राशि के संबंध में पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे गाड़ी चोरी के साथ-साथ पुरानी गाड़ियों की खरीद-बिक्री का भी काम करते हैं। गाड़ी खरीदने के बहाने वे रेकी करते थे और यदि कोई अच्छी गाड़ी मिल जाती, तो उसे चोरी करने के बजाय खरीदकर बिहार में बेच देते थे। इससे समाज में उनकी पहचान केवल पुरानी गाड़ियों के कारोबारियों के रूप में बनी रहती थी। पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।


https://ift.tt/HclNbwX

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *