श्रावस्ती में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और गलन का प्रकोप लगातार जारी है। नववर्ष 2026 के तीसरे दिन शनिवार को कोहरे की तीव्रता में कुछ कमी आई, लेकिन गलन बढ़ने से ठंड का असर और अधिक महसूस किया गया। सुबह के समय सड़कों और बाजारों मे सन्नाटा पसरा रहा और जनजीवन सुस्त नजर आया। बीते दो दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी। हालात ऐसे थे कि नजदीक की वस्तुएं भी साफ नजर नहीं आ रही थीं। कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी रही और लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचते दिखे। नववर्ष के पहले दिन गुरुवार की सुबह मौसम अपेक्षाकृत साफ था। हल्की धूप निकलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन यह राहत अल्पकालिक साबित हुई। अगले ही दिन शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली और पूरे जनपद में घना कोहरा छा गया। ठंडी हवाओं और बढ़ती गलन ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। शनिवार को आज कोहरा कम रहा, लेकिन गलन अधिक होने के कारण सुबह के समय प्रमुख मार्गों और राजमार्गों पर इक्का-दुक्का वाहन ही चलते नजर आए। आवश्यक कार्यों से बाहर निकलने वाले लोगों को भी ठंड के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा। दुकानों और बाजारों में देर से चहल-पहल शुरू होने की उम्मीद है,लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते और अन्य इंतजाम करते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार, जनपद का अधिकतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फिलहाल मौसम में किसी बड़े सुधार की संभावना से इनकार किया गया है। यदि धूप नहीं निकली तो आने वाले दिनों में ठंड और अधिक बढ़ सकती है, जिससे जनजीवन और भी प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन की ओर से लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने, गर्म कपड़ों का उपयोग करने और आवश्यक न होने पर सुबह-शाम घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है।
https://ift.tt/XJCVEms
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply