DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

शोहरतगढ़ तहसील समाधान दिवस में 56 शिकायतें दर्ज:जिलाधिकारी ने समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश, राजस्व विभाग से सबसे ज्यादा शिकायतें मिलीं

सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ तहसील में सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में कुल 56 शिकायतें दर्ज की गईं। यह समाधान दिवस प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा था। इसमें राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति, कृषि, विद्युत, जल निगम और नगर पंचायत सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। राजस्व और अन्य प्रशासनिक मामलों की सुनवाई जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र ने की। पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने सुना। जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन किया। समीक्षा के बाद कुछ मामलों में जिला स्तरीय टीमें गठित कर मौके पर जांच के निर्देश दिए गए।
उन्होंने भूमि विवादों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को तहसील समाधान दिवस और आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच शिकायतकर्ता और विपक्षी दोनों पक्षों की उपस्थिति में की जानी चाहिए। कानूनगो और लेखपालों को भूमि संपत्ति तथा भूमि विवाद रजिस्टर अनिवार्य रूप से तैयार करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि किसी भी विभाग का प्रकरण लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। समाधान दिवस में कुल 56 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें राजस्व विभाग से सर्वाधिक 44 शिकायतें थीं, जबकि पुलिस से 2, विकास से 1, कृषि से 2, जल निगम से 1, शिक्षा से 1, विद्युत से 2, नगर पंचायत से 2 और पूर्ति विभाग से 1 शिकायत प्राप्त हुई। राजस्व विभाग के 6 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के संबंध में संबंधित विभागों को तीन दिन के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


https://ift.tt/XzON1UZ

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *