शाहजहांपुर के खुटार ब्लॉक के सौफरी गांव में कई दिनों से दहशत का कारण बना तेंदुआ आखिरकार पकड़ लिया गया। यह तेंदुआ रविवार सुबह एक कुएं में गिरा हुआ मिला, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों के अनुसार, यह तेंदुआ पिछले कई दिनों से गांव के आसपास घूम रहा था। पांच दिन पहले इसने एक बकरी का भी शिकार किया था, जिससे पूरे गांव में भय का माहौल था। वन विभाग को पहले भी इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन तब टीम को तेंदुए की लोकेशन नहीं मिल पाई थी और उन्हें वापस लौटना पड़ा था। आज सुबह करीब छह बजे गांव के राजा राम अपने गन्ने के खेत में काम करने गए थे। उन्हें खेत में कुछ आहट महसूस हुई। जब उन्होंने दूर से देखा, तो एक कुएं में कुछ हलचल दिखाई दी। पास जाकर देखने पर पता चला कि एक तेंदुआ कुएं में गिरा हुआ है। राजा राम ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। कुछ ही देर में पुलिस बल और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन रेंजर मनोज श्रीवास्तव स्वयं अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने तेंदुए को कुएं से बाहर निकाला और उसे अपने साथ मैलानी ले गई।
https://ift.tt/XufePFi
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply