बुधवार सुबह शहर में घना कोहरा छाया रहा। ठंडी हवाओं के कारण लोग ठिठुरते नजर आए। सुबह के समय दृश्यता इतनी कम हो गई कि मुख्य मार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। मंगलवार देर शाम से ही कोहरे का असर बढ़ने लगा था, जो देर रात तक घना हो गया। मौसम विभाग ने आज घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जिले में बुधवार को ठंड में भी इजाफा दर्ज किया गया। घने कोहरे के कारण आलू, सरसों और सब्जी की फसल वाले किसान चिंतित हैं। किसान वीरेंद्र लोधी और संजय शर्मा ने बताया कि ऐसे मौसम में फसलों में रोग लगने की आशंका बढ़ जाती है। लगातार नमी बने रहने से आलू की फसल में झुलसा और गलन रोग लग सकता है।
बुधवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता 88 प्रतिशत और हवा की गति लगभग आठ किलोमीटर प्रति घंटे रही। मंगलवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 7.8 डिग्री सेल्सियस था। कृषि विज्ञान केंद्र की अध्यक्ष और मौसम वैज्ञानिक डॉ. रेशु सिंह के अनुसार, मौसम विभाग ने घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अभी कोहरे और ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहने का अनुमान है।
https://ift.tt/cAzmdE2
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply