पीलीभीत के पूरनपुर नगर में व्यापारी नेता विजयपाल विक्की के नाम और मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर फर्जी आपत्ति दाखिल करने का गंभीर मामला सामने आया है। विक्की ने इसे अपनी छवि खराब करने की साजिश बताया है। विजयपाल विक्की ने शनिवार को मीडिया को बताया कि मोहल्ला खानकाह के कुछ लोगों के नाम पर आपत्ति दर्ज की गई है। इसमें शिकायतकर्ता के रूप में उनके नाम, मोबाइल नंबर और फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया गया है। विक्की ने स्पष्ट किया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं थी और न ही उन्होंने ऐसी कोई शिकायत या आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने इस कृत्य को ‘गहरी साजिश’ करार दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सहमति के बिना पहचान विवरण का उपयोग करना न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि यह आपसी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का भी प्रयास है। विक्की ने इसे अपनी प्रतिष्ठा धूमिल करने की नीयत से किया गया फर्जीवाड़ा बताया। व्यापारी नेता ने प्रशासन से इस जालसाजी की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि वे अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए प्रशासन को शपथ पत्र देने को तैयार हैं और दोषियों के खिलाफ हर संभव कानूनी कदम उठाएंगे। मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया है। एसडीएम अजीत प्रताप सिंह ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। उन्होंने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा- फर्जी आपत्ति की शिकायत मिली है, जिसकी विस्तृत जांच कराई जा रही है। प्रशासन पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रहा है। किसी भी व्यक्ति का वोट बिना उसे सुनवाई का उचित मौका दिए नहीं काटा जाएगा। यदि फर्जीवाड़े की पुष्टि होती है, तो संबंधित दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/egWDS52
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply