DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

वैश्य महासम्मेलन का प्रदर्शन, व्यापारियों पर हमले-लूट पर आक्रोश:मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा

मिर्ज़ापुर। अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के पदाधिकारियों ने शनिवार को मिर्ज़ापुर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश में व्यापारियों पर लगातार हो रहे हमलों, लूट और अपराध की घटनाओं पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान पांच सूत्रीय मांग पत्र नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा गया, जो मुख्यमंत्री को संबोधित था। प्रदेश महामंत्री शैलेन्द्र अग्रहरि ने बताया कि पिछले कई महीनों में विभिन्न जनपदों में व्यापारियों पर हमले और लूट की कई वारदातें हुई हैं। पुलिस इन घटनाओं का पूर्ण खुलासा करने में विफल साबित हुई है। उन्होंने वारदातों का जल्द से जल्द खुलासा कर व्यापारियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही, व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी करने की भी अपील की गई। अग्रहरि ने सोनभद्र का एक विशिष्ट मामला भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि गैंगस्टर जगजीवन सिंह पटेल, जो गंभीर आरोपों में वांछित है, पुलिस की मिलीभगत से वैश्य समाज के स्वर्णकार अभिषेक केसरी और राजेश केसरी की जमीन हड़पने की कोशिश कर रहा है। आरोप है कि उनकी जमीन का बैनामा दूसरी चौहद्दी दिखाकर कराया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष गोयल ने प्रयागराज जिले के भिटरिया, भीरपुर, करछना निवासी चंदन सोनी के साथ हुई लूट और हत्या के प्रयास की घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन लाखों रुपये का लूटा गया माल बरामद न होना संदेह पैदा करता है। गोयल ने प्रयागराज के ही सुगापाख, मड़िहान निवासी अरुण सोनी के घर में घुसकर हमला, लूट और हत्या के प्रयास की घटना का भी उल्लेख किया। हमलावरों ने उनकी नाबालिग बेटी को पीटा और गहने छीन लिए। गोयल ने आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले में लीपापोती कर अपराधियों को बचाना चाहती है, जिससे दबंगों का मनोबल बढ़ रहा है। जिलाध्यक्ष मुकेश साहू ने मेजा में संतोष कुमार सोनी के दो बेटों की हत्या का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि अपराधी अभी भी खुले घूम रहे हैं और इस मामले की सीबीआई जांच कराकर न्याय दिलाया जाना चाहिए। इस दौरान रुपेश वर्मा, शिखा अग्रवाल, अनुज उमर, रवि साहू, श्यामा प्रसाद जायसवाल, नमिता केशरवानी, सौरभ श्रीवास्तव, जितेन्द्र अग्रहरि, सौरभ सोनी, कन्हैया कुमार, भरत लाल, प्रदीप सोनी, ऋषि सोनी, आदित्य सेठ, अक्षत गुप्ता, अखिलेश कुमार गुप्ता, विवेक सोनी, लवकुश और हिमांशु सहित कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।


https://ift.tt/SRMdrFl

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *