DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

वीडियो बनाने के बाद युवक ने की आत्महत्या:जहर खाकर पुलिस को दी सूचना, पत्नी की शिकायत पर मुकदमा

लखीमपुर के भीरा कस्बे में 28 वर्षीय सुमित गुप्ता ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले सुमित ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें उसने कई लोगों पर प्रताड़ना और दबाव बनाने का आरोप लगाया है। इस मामले में सुमित की पत्नी प्रियंका गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जहर खाने के बाद सुमित ने मैलानी थाना क्षेत्र की पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) को फोन कर सूचना दी और फिर अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। पुलिस ने आखिरी लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। सुमित कुकरा के पास एक बाग में बेहोशी की हालत में मिला। मैलानी थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मौर्य उसे तत्काल बांकेगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वीडियो में सुमित ने संजय शुक्ला, अश्वनी अवस्थी, आदर्श अवस्थी, टीटू, राधेश्याम, विनोद गुप्ता, ललतू और सत्येंद्र यादव सहित कई लोगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उसने वीडियो में बताया कि विनोद गुप्ता का कुछ सामान उसके पास गिरवी रखा था, जिसे बिना पैसे लौटाए वापस करने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी बात को लेकर उसे लगातार परेशान किया जा रहा था। वीडियो में नामित संजय शुक्ला को भीरा नगर पंचायत अध्यक्ष चारू शुक्ला का पति बताया जा रहा है। हालांकि, संजय शुक्ला ने इस संबंध में मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया है। पुलिस के अनुसार, सुमित एक मोटरसाइकिल एजेंसी पर काम करता था और अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी प्रियंका गुप्ता, दो छोटे बच्चे और एक छोटा भाई है। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार शाम करीब चार बजे जब शव घर पहुंचा, तो परिजनों में शोक व्याप्त हो गया। पुलिस की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार किया गया। पत्नी प्रियंका गुप्ता की तहरीर पर मैलानी थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ गोला रमेश कुमार तिवारी ने बताया अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सुमित मैलानी क्षेत्र तक कैसे पहुंचा। वीडियो बनाने के बाद उसने मोबाइल बंद कर लिया था। जांच की जा रही है।


https://ift.tt/68NezqX

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *