पीलीभीत में दहेज न देने पर एक विवाहिता को ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर डीजल डालकर जलाने का प्रयास किया। विवाहिता की शिकायत पर गजरौला पुलिस ने पति समेत ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना गजरौला क्षेत्र के ग्राम गुर्ज गोटिया निवासी प्रीति देवी पुत्री नेतराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी शादी 9 फरवरी 2023 को अश्वनी कुमार निवासी ग्राम बिथरा, थाना न्यूरिया के साथ हुई थी। प्रीति का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उनसे दहेज में दो लाख रुपये और एक चार पहिया गाड़ी की मांग कर रहे थे। दहेज न देने पर उनके साथ मारपीट की जाने लगी। विवाहिता ने बताया कि पति अश्वनी कुमार के अलावा सास निर्मला देवी, ससुर अशोक कुमार, देवर राहुल, नंदोई तेजपाल और नंद जयमती ने मिलकर उन्हें जान से मारने की नीयत से डीजल डालकर आग लगाने का प्रयास किया, हालांकि वह बच गईं। प्रीति के अनुसार, 19 फरवरी 2024 को ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह अपने मायके में रह रही हैं। थाना अध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने बताया कि विवाहिता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से विवेचना कर रही है।
https://ift.tt/1G720un
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply