DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

विद्युत कर्मियों में आक्रोश, स्थायीकरण में लापरवाही का आरोप:देवरिया के एसई कार्यालय पर धरना देकर की कार्रवाई की मांग

देवरिया के राज्य विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ ने मंगलवार को अधीक्षण अभियंता (एसई) कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कर्मचारी मुन्ना कुमार कुशवाहा के स्थायीकरण से संबंधित पत्र जारी न होने के विरोध में किया गया। संघ ने अधिशासी अभियंता पर लापरवाही का आरोप लगाया है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व में अधीक्षण अभियंता द्वारा आश्वासन दिया गया था। लेकिन इसके बावजूद स्थायीकरण से जुड़े पत्र निर्गत नहीं किए गए। इस पर कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। संघ के जिलाध्यक्ष बी आशीष कुमार ने आरोप लगाया कि कार्यालय की कार्यप्रणाली जानबूझकर धीमी की जा रही है और कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब विभागीय कर्मचारियों को ही अपने कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, तो आम उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान में होने वाली देरी का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थायीकरण संबंधी पत्र शीघ्र निर्गत नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना स्थल पर उपस्थित पदाधिकारियों ने बताया कि स्थायीकरण का मुद्दा लंबे समय से लंबित है। उच्चाधिकारियों के आश्वासन के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसे प्रशासनिक उदासीनता और कर्मचारी विरोधी रवैया बताया गया। इस दौरान संघ ने अधीक्षण अभियंता के समक्ष जोरदार विरोध दर्ज कराया और अपनी एकजुटता प्रदर्शित की। मौके पर जिला सचिव धनंजय, उपाध्यक्ष अभिषेक विश्वकर्मा, क्षेत्रीय सचिव/उपाध्यक्ष गुंजन सिंह सहित अनेक पदाधिकारियों ने अधिकारियों की मनमानी बर्दाश्त न करने की बात कही। इस दौरान धरने में दीपक कुशवाहा, जीएम यादव, राहुल गुप्ता, अमित शर्मा, अमित सिंह, राम प्रवेग, कृष्ण मुरली, भास्कर, ब्रजेश कुमार, संजय विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने एकस्वर में मुन्ना कुमार कुशवाहा के स्थायीकरण से संबंधित पत्र तत्काल जारी करने की मांग की। संघ ने पुनः चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी।


https://ift.tt/slbxwOj

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *