देवरिया में विदेश भेजने का झांसा देकर तीन करोड़ रुपये की ठगी के मामले में मुंबई की क्षमता नगर पुलिस ने देवरिया में एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बुधवार को यह कार्रवाई की। मुंबई पुलिस ने लोकेशन ट्रेस करते हुए सीधे देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र के जीरासो गांव में दबिश दी। यहीं से आरोपी युवक संतोष को हिरासत में लिया गया, जिससे अब पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि संतोष तीन दिन पहले ही मुंबई से अपने गांव आया था। मुंबई पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से संयुक्त कार्रवाई की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संतोष बुधवार दोपहर जीरासो के मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान मुंबई पुलिस टीम गांव के पास पहुंची और उसके मोबाइल पर कॉल कर उसकी लोकेशन और पहचान की पुष्टि की। जैसे ही संतोष ने पुलिस टीम को अपनी ओर आते देखा, वह भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और हिरासत में लेकर थाने ले गए। मुंबई पुलिस को जांच के दौरान ठगी के एक बड़े गिरोह का सुराग मिला था, जिसमें संतोष की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस ने मुंबई में संतोष की तलाश शुरू की थी, लेकिन वह तीन दिन पहले ही अपने गांव भाग आया था। गिरफ्तार संतोष कथित तौर पर लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये ठगने वाले नेटवर्क से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। जांच एजेंसी को कई पीड़ितों से बड़े पैमाने पर रकम वसूलने की जानकारी मिली है। संतोष की निशानदेही पर उसके घर में तलाशी ली गई। यहां से पुलिस ने कुछ महत्वपूर्ण कागजात, पासपोर्ट और उसका मोबाइल फोन बरामद किया है। इन दस्तावेजों को पुलिस ने कब्जे में लेकर डिजिटल और दस्तावेजी जांच शुरू कर दी है। मुंबई पुलिस टीम संतोष से पूछताछ कर ठगी के नेटवर्क में उसकी भूमिका, पैसे का लेन-देन, सहयोगियों के नाम और अन्य पीड़ितों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। मुंबई पुलिस की यह कार्रवाई एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है, जिसमें देवरिया और आसपास के जनपदों के कई लोगों के शामिल होने की आशंका है।
https://ift.tt/Me2ZX5m
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply