उन्नाव के आसीवन थाना क्षेत्र में लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर रविवार देर शाम एक सड़क हादसे में साइकिल सवार 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। उन्हें एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वृद्ध को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मियागंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की पहचान आसीवन थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बारी थाना के मजरा हाथीखेड़ा निवासी रामसजीवन (60) पुत्र स्वर्गीय छेदा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रामसजीवन रविवार को साइकिल से निजी कार्य के लिए गांव नंगाखेड़ा गए थे। शाम करीब सात बजे वह अपने घर लौट रहे थे। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर बारी थाना के समीप पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर के कारण रामसजीवन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए थे। हादसे की सूचना पर पीआरवी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घायल रामसजीवन को तत्काल उपचार के लिए मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां तैनात डॉक्टर दिनेश कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। सूचना मिलने पर आसीवन थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उपनिरीक्षक मानिक राम वर्मा ने कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। रामसजीवन खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दो पुत्र अनील और सुनील तथा दो विवाहित पुत्रियां उधमा और पिंकी हैं। उनकी पत्नी का नाम केशवती है। इस घटना से परिवार में दुख का माहौल है। इस संबंध में आसीवन थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई लालता प्रसाद की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/ov9WYek
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply