बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडीस रविवार दोपहर काशी पहुंचीं। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस घेरे में वे मंदिर परिसर पहुंचीं, जहां उन्होंने बाबा काशी विश्वनाथ की पूजा-अर्चना की। दर्शन के बाद उन्होंने “हर-हर महादेव” का जयघोष किया। मंदिर परिसर में जैकलिन को देखने के लिए फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। फैंस ने उनके साथ तस्वीरें लीं। इसके साथ ही उन्होंने गंगा घाटों का भी भ्रमण किया। दर्शन के बाद जैकलिन फर्नांडीस ने कहा- काशी के बारे में जैसा सुना था, उससे कहीं अधिक खूबसूरत हैं। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति मन को सुकून देती है। अब जानिए जैकलिन फर्नांडीस के बारे में… जैकलिन फर्नांडीस श्रीलंकाई मूल की भारतीय अभिनेत्री और मॉडल हैं। उनका जन्म 11 अगस्त 1985 को मनामा के बहरीन में हुआ था। उनके पिता का नाम एलरॉय फेर्नान्सेज और माता का नाम किम है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बहरीन के सेक्रेड हार्ट स्कूल से पूरी की। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया स्थित सिडनी विश्वविद्यालय से मास मीडिया में स्नातक की डिग्री हासिल की। वह मुख्य रूप से हिंदी फिल्मों में काम कर रही हैं। साल 2006 में जैकलिन मिस श्रीलंका यूनिवर्स रह चुकी हैं। फिल्म ‘अलादीन’ (2009) से उन्होंने बॉलीवुड करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म के लिए उन्हें साल 2010 में सर्वश्रेष्ठ नई अभिनेत्री का आईफा और स्टारडस्ट पुरस्कार मिला था। हालांकि, उनका बॉलीवुड सफर आसान नहीं रहा। करियर की शुरुआत में उनकी फिल्में फ्लॉप रहीं और एक साल तक कोई काम नहीं मिला, लेकिन 2011 में आई फिल्म मर्डर 2 ने उन्हें इंडस्ट्री में पहचान दिला दी। फिल्मों के साथ-साथ जैकलीन अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में रहती हैं। उनका नाम कभी सलमान खान, साजिद खान से जुड़ा, तो कभी ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े विवादों ने उन्हें चर्चा में ला दिया।
13 साल की उम्र में किया टीवी शो होस्ट, रिपोर्टिंग भी करती थीं
जैकलीन फर्नांडीज ने अपनी स्कूली पढ़ाई बहरीन में पूरी की। इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की सिडनी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन का कोर्स किया। जैकलीन सिर्फ 13 साल की थीं, जब उन्होंने बहरीन का टीवी शो होस्ट किया था। फिर ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद प्रोफेशनली टीवी रिपोर्टर के तौर पर काम भी किया। मिस श्रीलंका यूनिवर्स का खिताब जीत चुकी हैं
भले ही जैकलीन एक टीवी रिपोर्टर के तौर पर काम कर रही थीं, लेकिन उनके मन में हमेशा से एक टॉप एक्ट्रेस बनने का ख्वाब था। इसी सपने को साकार करने के लिए उन्होंने रिपोर्टिंग के साथ-साथ श्रीलंका में मॉडलिंग की शुरुआत भी कर दी थी। मॉडलिंग के दौरान ही उन्होंने कई ब्यूटी कॉम्पिटिशन में हिस्सा लिया। साल 2006 में जैकलीन ने ‘मिस श्रीलंका यूनिवर्स’ का खिताब जीता और उसी साल मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में श्रीलंका का प्रतिनिधित्व भी किया। इसके बाद उनकी किस्मत बदल गई। उन्हें मॉडलिंग के कई अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स के ऑफर मिलने लगे। भारत जाने पर हैरान थे माता-पिता, हिंदी में सिर्फ ‘नमस्ते’ बोलना आता था जैकलीन लगातार मॉडलिंग की दुनिया में अच्छा काम कर रही थीं। एक मॉडलिंग इवेंट के दौरान उनकी मुलाकात एक एजेंसी से हुई, जिसने उनसे कहा, आप भारत आकर क्यों नहीं कुछ मॉडलिंग का काम करतीं? इस पर जैकलीन ने जवाब दिया कि हां, कोशिश करती हूं। जब जैकलीन ने भारत जाने की बात अपने माता-पिता को बताई, तो वे हैरान रह गए। उन्होंने कहा- इंडिया बहुत बड़ा देश है और तुम वहां किसी को जानती भी नहीं हो। कैसे क्या करोगी? इस पर जैकलीन ने जवाब दिया, सब क्लियर है। एक एजेंसी मिली है, उन्हीं के साथ जाना है। जैकलीन ने कहा- मुझे याद है कि मैं मुंबई बहुत लेट नाइट पहुंची थी। मुझे कुछ नहीं पता था। मेरे पास बस एक कागज पर लिखा हुआ फोन नंबर और पता था। जैसे ही मैं एयरपोर्ट से बाहर निकली, बहुत सारे ऑटो वाले खड़े थे। वो सब मेरी तरफ आने लगे। तब मैंने उनमें से एक से कहा कि मुझे मरीन ड्राइव छोड़ दो। उस समय सबसे बड़ा चैलेंज ये था कि मुझे हिंदी बिल्कुल भी नहीं आती थी। मैं सिर्फ ‘नमस्ते’ बोल पाती थी। मॉडलिंग के लिए भारत आई थीं, बन गईं अलादीन की जैस्मिन
जैकलीन भारत में सिर्फ एक मॉडलिंग शो का हिस्सा बनने आई थीं, लेकिन इसी दौरान उनकी मुलाकात निर्देशक सुजॉय घोष से हुई। बाद में उन्होंने घोष की फिल्म अलादीन के लिए ऑडिशन दिया और सिलेक्ट हो गईं। साल 2009 में रिलीज हुई इस फिल्म से जैकलीन ने बॉलीवुड में डेब्यू किया। फिल्म में उनके अपोजिट रितेश देशमुख थे, जबकि अमिताभ बच्चन भी अहम भूमिका में नजर आए थे। ये फिल्म तो फ्लॉप हो गई थी, लेकिन उन्हें इसके लिए IIFA का अवॉर्ड मिला। मर्डर 2 से मिली असली पहचान, बोल्ड सीन करने में डर रही थीं
साल 2008 में जैकलीन ने फिल्म जाने कहां से आई है में काम किया, लेकिन यह फिल्म भी फ्लॉप हो गई। इसके बाद उन्हें लगभग एक साल तक कोई काम नहीं मिला।फिर एक दिन अचानक उनके पास मुकेश भट्ट का फोन आया। उन्होंने कहा- हम तुम्हें मर्डर 2 के लिए कास्ट करना चाहते हैं। जैकलीन के मुताबिक, मर्डर 2 का नाम सुनते ही उनके मन में पहला सवाल यही आया कि मर्डर तो एक काफी बोल्ड फिल्म थी और उन्होंने हाल ही में अलादीन जैसी फिल्म की थी। जैकलीन ने कहा- मैंने साफ मना कर दिया। मैंने कहा कि मैं कंफर्टेबल नहीं हूं, यह फिल्म मैं नहीं कर पाऊंगी। हालांकि मैं मुकेश भट्ट के संपर्क में रही। उन्होंने मुझे समझाया कि तुम ये रोल अच्छे से कर सकती हो। गोवा पहुंचने के बाद मैंने एक बार फिर उनको मना कर दिया, लेकिन फिर आखिरकार हामी भर दी। ये बातें एक्ट्रेस ने मैशेबल इंडिया के साथ बातचीत में बताई थीं। मर्डर 2 सिर्फ हिट ही नहीं, बल्कि जैकलीन के करियर का टर्निंग पॉइंट भी साबित हुई। इस फिल्म में इमरान हाशमी के साथ जैकलीन के बोल्ड लुक ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा और उन्हें बॉलीवुड में एक अलग पहचान दिलाई। फिर जैकलीन ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। इसके बाद वह हाउसफुल 2, रेस 2, किक और जुड़वां 2 जैसी फिल्मों में नजर आईं। ठग सुकेश से जुड़ा नाम, वायरल हुई थीं प्राइवेट तस्वीरें
जैकलीन फर्नांडिस का नाम तब सबसे ज्यादा विवादों में आया, जब उनका नाम ठग सुकेश चंद्रशेखर के साथ जुड़ा। दरअसल, सुकेश चंद्रशेखर पर 200 करोड़ रुपए की मनी लॉन्ड्रिंग का मामला चल रहा है। जांच के दौरान सुकेश ने दावा किया था कि वह जैकलीन के साथ रिलेशनशिप में था। बाद में दोनों की कुछ प्राइवेट तस्वीरें भी सामने आई थीं, जिससे यह विवाद और ज्यादा बढ़ गया था। जैकलीन ने भी इस मामले में अपना बयान दर्ज कराया था। उनका कहना था कि उनका सुकेश चंद्रशेखर से कोई निजी रिश्ता नहीं था और वह भी उसकी साजिश का शिकार हुई थीं। जैकलीन ने आरोप लगाया कि सुकेश ने खुद को एक नामी बिजनेसमैन बताकर उन्हें गुमराह किया और इस बहाने उनके करीब आया। उन्होंने यह भी कहा कि शुरुआत में उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि सुकेश कौन है और वह किन आपराधिक गतिविधियों में लिप्त है। सुकेश ने लव लेटर लिखकर जताया था प्यार
तिहाड़ जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर कई बार जैकलीन के लिए अपने प्यार का इजहार कर चुका है। कभी वह उनके जन्मदिन पर चिट्ठियां भेजता है, तो कभी यॉट और महंगे तोहफे देने का दावा करता है। उसने जेल से कई प्रेम पत्र भी लिखे, जिनमें उसने खुद को जैकलीन का सच्चा प्रेमी बताया। जैकलीन ने दिसंबर 2023 में दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसमें उन्होंने ED द्वारा उनके खिलाफ दायर ₹200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले और दूसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट को रद्द करने की मांग की थी। इस याचिका में जैकलीन ने दावा किया था कि वह ठग सुकेश चंद्रशेखर की साजिश का शिकार हुई हैं। हालांकि 3 जुलाई 2025 को दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी। कोर्ट के आदेश के अनुसार, उनके खिलाफ जांच जारी रहेगी और उन्हें देश छोड़ने से पहले अदालत को सूचित करना होगा। कैसे हुई थी जैकलीन-सुकेश की पहली मुलाकात
न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, जैकलीन और सुकेश की मुलाकात उनके मेकअप आर्टिस्ट के जरिए हुई थी। सुकेश ने पहली बार जैकलीन से संपर्क करने के लिए उनके मेकअप आर्टिस्ट की मदद ली थी। उसने झूठ बोलकर खुद को गृह मंत्रालय का बड़ा अफसर और तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता का रिश्तेदार बताया था। ————- ये भी पढ़ें- भजन गायब अनूप जलोटा का शंकराचार्य पर तंज:काशी में कहा- हर व्यक्ति को सोचकर बोलना चाहिए; सनातन संस्कृति से जुड़ें युवा
वाराणसी में अनूप जलोटा ने अविमुक्तेश्वरानंद पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा- भले ही मत अलग हों, लेकिन सभी की वाणी मधुर होनी चाहिए। हर व्यक्ति को सोच-समझकर बोलना चाहिए, योगी-मोदी ने सकारात्मक माहौल बनाया। यह बात उन्होंने संत रविदास महोत्सव में कही। वह शनिवार को काशी में थे। उन्होंने पद्मश्री डॉ. सोमा घोष के साथ मिलकर संत रविदास के नाम का गुणगान किया और उनकी पंक्तियों को गुनगुनाया। अनूप जलोटा ने कहा- मैं काशी ऊर्जा और आत्मिक शांति पाने के लिए आता हूं। पढ़िए पूरी खबर…
https://ift.tt/y2iwOgn
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply