वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार शाम सुरक्षा जांच के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री के हैंड बैग से चार जिंदा कारतूस बरामद हुआ। सीआईएसएफ के जवानों ने तत्काल यात्री को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ के बाद यात्री को सीआईएसएफ द्वारा पुलिस को सौंपा गया। हालांकि, बाद में यात्री द्वारा वैध शस्त्र लाइसेंस दिखाया गया और भूलवश कारतूस लेकर आने की बात स्वीकार किया। बैगेज स्कैनिंग के दौरान पकड़े गए कारतूस
घटना शाम करीब 05:10 बजे की है। बलिया जनपद के बेल्थरा रोड (ग्राम चौकियां) निवासी 55 वर्षीय मंजूर आलम खा स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या एसजी-330 से वाराणसी से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। मंजूर के हैंड बैग को जब सुरक्षा जांच के लिए स्कैनर मशीन में डाला गया तो सीआईएसएफ जवानों को उसमें संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। तलाशी लेने पर बैग के अंदर से .32 बोर के चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। कारतूस मिलते ही सुरक्षाकर्मियों ने यात्री को विमान में सवार होने से रोक दिया और फूलपुर थाना पुलिस को सूचित किया। पूछताछ के दौरान मंजूर आलम ने बताया कि उनके पास शस्त्र का वैध लाइसेंस है और वे गलती से कारतूस बैग में ही भूल गए थे। पुलिस द्वारा की कार्रवाई और पूछताछ
मामले में फूलपुर थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यात्री को हिरासत में लेकर संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। उन्होंने पुष्टि की कि यात्री के पास मौजूद शस्त्र लाइसेंस पूरी तरह वैध है। उन्होंने यह भी बताया कि यात्री ने अपनी गलती स्वीकार की है कि वह भूलवश कारतूस हैंड बैग में लेकर एयरपोर्ट पहुंच गया था। पुलिस ने बरामद कारतूसों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं और लिखापढ़ी शुरू कर दी है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
https://ift.tt/rjZUXm5
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply