छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। कैंपस में पढ़ाई कर रहे 67 छात्र-छात्राओं ने इस बार यूजीसी नेट (राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा) पास कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। खास बात यह है कि इनमें से 5 होनहारों ने जेआरएफ (Junior Research Fellowship) हासिल कर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है। इस शानदार परिणाम से पूरे कैंपस में जश्न का माहौल है। डीन एकेडमिक प्रो. बृष्टि मित्रा ने विभागवार आंकड़े साझा करते हुए बताया कि सफलता की यह गूंज किसी एक कोने में नहीं, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय में सुनाई दी है। इस बार स्कूल ऑफ लैंग्वेजेस ने बाजी मारते हुए सबसे ज्यादा 22 छात्रों को सफलता दिलाई है। वहीं, शिक्षा विभाग के 16 छात्रों ने इस कठिन परीक्षा को पार किया है। विश्वविद्यालय के विधि विभाग (अटल बिहारी वाजपेई स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज) के 9 छात्र सफल हुए, जबकि शारीरिक शिक्षा विभाग से 6 छात्रों ने बाजी मारी। स्कूल ऑफ आर्ट्स ह्यूमैनिटीज से 5, स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट से 4 और यूआईटी से 3 छात्रों ने अपनी जगह बनाई। इसके अलावा फूड टेक्नोलॉजी और हेल्थ साइंस जैसे विषयों में भी छात्रों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। छात्रों की इस ऐतिहासिक सफलता पर कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रो. पाठक ने कहा, “यह सफलता छात्रों के कड़े परिश्रम और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। हमारा लक्ष्य है कि कैंपस से ज्यादा से ज्यादा छात्र शोध और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें।” विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है, कि पिछले कुछ समय में कैंपस के शैक्षणिक माहौल और रिसर्च की सुविधाओं में जो सुधार हुए हैं, यह परिणाम उसी की एक झलक है। कैंपस के इन ‘नेट’ वीरों की सफलता पर पूरे शहर में चर्चा हो रही है।
https://ift.tt/GJyXY3P
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply