लखीमपुर खीरी जिले की कोतवाली तिकुनियां क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत कड़ियां में बीती रात एक तेंदुए ने घर में घुसकर पालतू बकरी पर हमला कर दिया। हमले में बकरी की गर्दन कटने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और उन्होंने वन विभाग से मुआवजे की मांग की है। ग्राम कड़ियां किशन नगर निवासी भिफ्फू ने बताया कि रात करीब दो बजे उनके घर में बंधी बकरियों के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने देखा तो एक तेंदुआ बकरी को उठाकर ले जा रहा था। भिफ्फू के शोर मचाने पर अन्य ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए, जिसके बाद तेंदुआ बकरी को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की उदासीनता के कारण तेंदुए का आतंक बढ़ रहा है। उन्होंने वन विभाग से गांव के आसपास तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरे लगाने और रात में संवेदनशील रास्तों पर गश्त (पेट्रोलिंग) करने की मांग की है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। डिप्टी रेंजर हरी लाल ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने पंजों के निशान देखकर तेंदुए के हमले की पुष्टि की। वन विभाग ने मृत बकरी का पोस्टमार्टम कराने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
https://ift.tt/4gDoNc8
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply