लखनऊ में साइनस के ऑपरेशन के बाद हालत बिगड़ने से 19 साल किशोरी की मौत हो गई। निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद किशोरी कई दिन तक होश में नहीं आई। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ऐरा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां शुक्रवार देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पीड़ित भाई की तहरीर पर मदेयगंज थाने में आरोपित चिकित्सकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मदेयगंज के खदरा रूपपुर निवासी संदीप कश्यप ने बताया कि उनकी बहन शिवानी कश्यप (19) साइनस की समस्या से पीड़ित थी। इलाज के लिए वह उसे खदरा स्थित न्यू रिलैक्स हॉस्पिटल लेकर गए थे। वहां डॉक्टर अब्दुल राशिद ने ऑपरेशन की सलाह दी। इसके बाद 31 जनवरी को शिवानी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित के मुताबिक ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर समीर ने शिवानी को एनेस्थीसिया दिया। ऑपरेशन के बाद शिवानी को होश नहीं आया। हालत गंभीर होने पर उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। 2 फरवरी को उसकी तबीयत और बिगड़ गई। इस पर अस्पताल मालिक डॉक्टर गौस और अन्य चिकित्सकों ने जिम्मेदारी लेते हुए उसे ऐरा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। संदीप का आरोप है कि बहन को ऐरा में भर्ती कराने के बाद आरोपित चिकित्सकों ने फोन उठाना बंद कर दिया। ऐरा अस्पताल में भी परिजनों को शिवानी से मिलने नहीं दिया गया। शुक्रवार देर शाम इलाज के दौरान शिवानी की मौत हो गई। पीड़ित का आरोप है कि इलाज के नाम पर अस्पताल ने मनमानी रकम वसूली। चिकित्सकों की लापरवाही से उनकी बहन की जान गई। उन्होंने इस मामले में मदेयगंज थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी मदेयगंज ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
https://ift.tt/7QaTIPk
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply