DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

लखनऊ में कॉलोनी की गली में जबरदस्ती उठाई दीवार:लोगों के विरोध पर धनंजय सिंह के नाम पर धमकाया, 8-10 सरकारी-निजी गनर लेकर पहुंचा था

जौनपुर की महाराजगंज ब्लॉक प्रमुख मांडवी सिंह के पति विनय सिंह लखनऊ में कॉलोनी मुख्य सड़क पर दीवार उठा रहे थे। इसका लोगों ने विरोध किया तो उन्होंने पूर्व सांसद धनंजय सिंह को फोन लगा दिया। लोगों ने धनंजय सिंह से बात करने पर मना किया तो विनय सिंह ने लोगों को ईंट उठाकर मारी। अपने साथ 8-10 सरकारी और निजी गनर लेकर पहुंचे थे। उनसे बोले- मार दो गोली। मामला राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित स्वास्तिका सिटी कॉलोनी का है। कुछ दिन पहले इस कॉलोनी में विनय सिंह ने दीवार मेन रोड पर उठाकर उसे बंद कर दिया। कॉलोनीवासियों को जैसे ही जानकारी मिली तो उन्होंने विरोध कर दिया। इसी दौरान विनय सिंह ने ईंट उठा ली और लोगों को दौड़ा लिया। कॉलोनी में भगदड़ जैसे हालात बन गए। इस मामले में धनंजय सिंह, विनय सिंह और 8-10 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हो गया है। इसके साथ ही इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया। इंस्पेक्टर ने केवल विनय सिंह की शिकायत पर FIR दर्ज की थी। 20 साल पुरानी कॉलोनी में रास्ता बंद कराने से भड़का विवाद
स्वास्तिका सिटी कॉलोनी में दक्षिण दिशा की ओर स्थित 20 फीट चौड़ी डामर सड़क बीते करीब 20 वर्षों से कॉलोनी का मुख्य आवागमन मार्ग है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी सड़क से रोजाना महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग गुजरते हैं। आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख मांडवी सिंह के नाम दर्ज प्लॉट से सटी इसी सड़क को दीवार बनाकर बंद कराने का प्रयास किया गया। सरकारी गनर के साथ पहुंचे 8-10 असलहाधारी, बंदूक निकाली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विनय सिंह अपने सरकारी गनर के साथ 8 से 10 निजी असलहाधारी लोगों को लेकर मौके पर पहुंचे थे। विरोध के दौरान लाइसेंसी राइफल और बंदूक निकालकर लोगों को जान से मारने की धमकी दी गई। इस दौरान कॉलोनी में अफरातफरी मच गई और लोग डर के मारे इधर-उधर भागते नजर आए। युवक से मारपीट, जाति सूचक शब्द कहे
घटना के दौरान रामू नामक युवक के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि उस पर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला किया गया, जिससे वह बेहोश हो गया। कॉलोनीवासियों ने उसे पानी के छींटें डालकर होश में लाया। इस घटना के बाद कॉलोनी में भय और आक्रोश का माहौल बन गया। पूर्व सांसद धनंजय सिंह को फोन लगाकर कहा- बात करो
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि विनय सिंह खुद को पूर्व सांसद धनंजय सिंह का रिश्तेदार बताता है और लोगों को डराने के लिए फोन पर उनसे बात भी कराता है। घटना के समय भी फोन पर बातचीत कराकर जान से मरवाने की धमकी दिलाई। पीड़ितों के अनुसार, इससे जुड़े वीडियो उनके पास मौजूद हैं, जो अब सोशल मीडिया पर भी सामने आ चुके हैं। पहले विनय सिंह फिर कॉलोनी के लोगों की शिकायत
इस जमीन विवाद में दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, विनय सिंह ने पहले एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद सोमवार को कॉलोनी से धीरेंद्र मणि त्रिपाठी पुलिस कमिश्नर के पास पहुंचे तो मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच दोनों एफआईआर के आधार पर की जा रही है। सपा आईटी सेल का हमला, धनंजय सिंह फिर चर्चा में
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी की आईटी सेल ने भी इसे लेकर सरकार और पुलिस पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं। एक बार फिर पूर्व सांसद धनंजय सिंह का नाम इस विवाद से जुड़ने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।


https://ift.tt/o9dFqnp

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *