सोनभद्र के कोन विकास खंड की ग्राम पंचायत रोरवा में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने विकास कार्यों, प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास, मनरेगा और लोक वित्त/राज्य वित्त से कराए गए कार्यों में गंभीर अनियमितता की शिकायतों का संज्ञान लिया है। उन्होंने औपचारिक जांच के आदेश देते हुए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। ग्राम प्रधान और प्रधान प्रतिनिधि पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी योजनाओं के नाम पर लाखों रुपये की धनराशि कागजों में खर्च दिखाकर वास्तविक कार्य नहीं कराए। रोरवा निवासी प्रतीक कुमार और राजेश कुमार भाटिया ने 18 दिसंबर 2025 और 19 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी को शपथ पत्र के साथ शिकायत पत्र सौंपा था। इसमें ग्राम पंचायत में कराए गए कार्यों का बिंदुवार विवरण प्रस्तुत करते हुए गहन जांच की मांग की गई थी। शिकायत के अनुसार, डिहवार बाबा के सामने बकिया नाला के पास जल रोधक निर्माण के लिए 9.99 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे, जिसमें से 9.53 लाख रुपये खर्च दिखाए गए। हालांकि, मौके पर कोई कार्य नहीं हुआ। इसी प्रकार, घोड़ा घाट जलरोधक के लिए 9.99 लाख रुपये स्वीकृत हुए और 9.68 लाख रुपये निकाले गए, लेकिन धरातल पर काम शून्य बताया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय रोरखा में बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए 9.96 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे, जिसमें से 9.68 लाख रुपये खर्च दर्शाए गए। लेकिन, कार्य केवल 30 प्रतिशत ही पूरा हुआ है। हरैया खाड़ी जलरोधक निर्माण, श्मशान घाट निर्माण, खड़ंजा कार्य, फर्जी रिबोर व हैंडपंप मरम्मत, परापथली नाला प्रथम व द्वितीय बंधी निर्माण और ग्राम वाटिका रोरवा के कार्यों में भी भारी गड़बड़ी के आरोप हैं। ग्रामीणों का दावा है कि कई स्थानों पर पुराने ईंटों का उपयोग कर नए निर्माण का भुगतान दिखाया गया है, जिसके फोटो, वीडियो और अभिलेखीय साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने जांच समिति का गठन किया है। जिसमे जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग तथा जिला लेखा परीक्षा अधिकारी (सहकारी समितियां एवं पंचायतें) को शामिल किया गया है। जो प्रत्येक बिंदु की स्थलीय, अभिलेखीय एवं तकनीकी जांच कर एक पक्ष के भीतर संयुक्त आख्या जिला पंचायत राज अधिकारी, सोनभद्र को सौंपें। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/cOGIunr
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply