गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में बुधवार को मयूरविहार कॉलोनी के सामने रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव की हालत देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मसूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे कल्लूगढ़ी फाटक के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला था। इसके बाद पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कार्रवाई शुरू की। कुछ ही देर में मृतक की पहचान 17 वर्षीय मोहम्मद अनस पुत्र नजर मोहम्मद के रूप में हुई। अनस मयूरविहार कॉलोनी, डासना देहात, थाना मसूरी का रहने वाला था। उसकी पहचान उसके चाचा मोहम्मद आदिल ने की। अनस 11वीं कक्षा का छात्र था और मिसलगढ़ी स्थित डीएसपी इंटर कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अनस के पिता नजर मोहम्मद नोएडा में फर्नीचर का काम करते हैं। बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे अनस घर से निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा। बाद में रेलवे ट्रैक के पास उसके शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मसूरी थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
https://ift.tt/pJqZj3k
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply