रामपुर के सेफनी थाना क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का आरोप लगा है। घायल युवक के पिता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस पहले इस घटना को सड़क हादसा बताकर दबाने का प्रयास कर रही थी, जिसके बाद एसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि 21 जनवरी 2026, बुधवार की रात उनके बेटे के साथ चार लोगों ने मारपीट की। इस घटना में उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका फिलहाल उपचार चल रहा है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पिता का आरोप है कि उनके पास मारपीट से जुड़े ठोस तथ्य मौजूद हैं, लेकिन पुलिस इसे सड़क दुर्घटना बता रही थी। उन्होंने एसपी से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी (सीओ) शाहाबाद देवकी नंदन को सौंप दी है। वहीं, दूसरी ओर आरोपी पक्ष ने मारपीट के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि यह कोई मारपीट की घटना नहीं, बल्कि एक सड़क दुर्घटना का मामला है। सीओ शाहाबाद देवकी नंदन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह सड़क हादसा है या मारपीट की घटना। जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत की जाएगी।
https://ift.tt/lZnuEiD
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply