रामपुर में आलू के खेत से आलू निकालने को लेकर हुए विवाद में एक खेत मालिक पर 8 वर्षीय बच्ची को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। बच्ची की मां ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। यह घटना थाना सेफनी क्षेत्र के कम नगला गांव की बताई जा रही है। पीड़ित महिला पिंकी का आरोप है कि खेत से आलू निकालने के विवाद के दौरान खेत मालिक ने उनकी आठ वर्षीय बेटी आरुषि को थप्पड़ मार दिया। महिला का दावा है कि थप्पड़ इतना तेज़ था कि बच्ची के कान का पर्दा फट गया। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पिंकी का आरोप है कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद थाना सेफनी पुलिस से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। महिला का कहना है कि पुलिस ने बच्ची का सरकारी अस्पताल में मेडिकल तक नहीं कराया, जिसके कारण उन्हें निजी अस्पताल में इलाज कराना पड़ा। लगातार सुनवाई न होने से परेशान महिला अपनी बेटी के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने शिकायत की जांच क्षेत्राधिकारी शाहबाद देवकी नंदन को सौंप दी है। अब सीओ इस पूरे प्रकरण की जांच करेंगे। थाना प्रभारी सेफनी अजय मिश्रा का कहना है कि उनके थाने पर ऐसी कोई महिला शिकायत लेकर नहीं आई। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई तहरीर मिलती है तो पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करती है। फिलहाल, मामला जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
https://ift.tt/Jb2nR8g
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply