DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

यूपी में नए साल पर कंपकंपाएगी ठंड:अफगानिस्तान से आ रहा कोहरा; जानिए ठिठुरन बढ़ने का क्या है कारण

यूपी में नए साल का जश्न कंपकंपाने वाली ठंड में ही मनेगा। शीतलहर और कोहरे का डबल अटैक रहेगा। नए साल के जश्न के बीच IMD ने पश्चिमी यूपी में बारिश की भी संभावना जताई है। पूर्वांचल के जिलों में कोहरा और शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। मौसम कब तक ऐसा रहेगा? ऐसा मौसम क्यों है? शीतलहर और कोहरे की स्थिति क्या है? नए साल 2026 के पहले सप्ताह में मौसम कैसा रहेगा? जनवरी में मौसम का पूर्वानुमान क्या है? इस रिपोर्ट में पढ़िए- मौसम ऐसा क्यों है, कब तक ऐसा रहेगा?
यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ने की वजह हिमालयी क्षेत्र से ठंडी और शुष्क हवाओं का आना है। इसकी वजह से यूपी में तापमान तेजी से नीचे जा रहा। वहीं, कोहरे की वजह हवा की रफ्तार से जुड़ा है। इस बार हवा की रफ्तार का कम है, इसलिए नमी जमीन के पास जमा हो जाती है, जिससे घना कोहरा बन रहा। मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के अनुसार, राज्य के लगभग सभी हिस्सों पश्चिमी, मध्य और पूर्वी यूपी में न्यूनतम तापमान सामान्य (5 डिग्री सेल्सियस) से नीचे चला गया है। जबकि सुबह और रात के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, 30 दिसंबर की रात से 31 दिसंबर की रात को पहाड़ों पर अच्छी बर्फबारी हो सकती है। यह 1 और 2 जनवरी को भी जारी रहेगी। मनाली शहर में भी बर्फ के फाहे गिर सकते हैं। कुल्लू के सोलंग नाला, अटल टनल, रोहतांग में ज्यादा बर्फबारी देखने को मिलेगी। इसका असर यूपी में दिखेगा और कंपकंपाने वाली ठंड पड़ेगी। ऐसा मौसम जनवरी के पहले सप्ताह तक दिख सकता है। शीतलहर-कोहरे की स्थिति क्या है?
यूपी में इस समय शीतलहर और घने कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। पश्चिमी, मध्य और पूर्वी यूपी के कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। जबकि सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित कर रहा। कई इलाकों में दिन के समय भी धूप कमजोर रहने से कोल्ड-डे जैसी स्थिति बन गई है। सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर समेत 34 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी समेत 38 जिलों में कोल्ड-डे का अलर्ट जारी किया गया है। कोल्ड-डे के चलते दिन में भी ठंड महसूस की जाएगी। दिन का तापमान भी सामान्य से 4-6 डिग्री तक दर्ज किया जाएगा। मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के अनुसार, प्रदेश में 30 और 31 दिसंबर को घना कोहरा रहेगा। वहीं, 1 जनवरी, 2026 से मौसम में बदलाव होगा। इससे कोहरा थोड़ा कम होगा, लेकिन सुबह-शाम के धुंध बनी रहेगी। तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। यूपी में तापमान गिरने के कारण 5 पॉइंट्स में समझिए… कब तक रहेगी ऐसी स्थिति?
स्काईमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के अनुसार, अगले 3-4 दिन तक यूपी में शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। 31 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। बारिश के बाद तापमान में थोड़ी अस्थाई बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद ठंड फिर तेज होने के आसार हैं। नए साल के पहले सप्ताह तक सुबह और रात के समय कोहरा छाया रह सकता है। जबकि रात की ठंड लगातार परेशान करेगी। आने वाले एक सप्ताह तक कैसा रहेगा मौसम?
महेश पलावत के मुताबिक, पश्चिमी यूपी में 31 दिसंबर और पूर्वी हिस्सों में 1 जनवरी तक घना कोहरा बना रह सकता है। मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी की है कि ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें। जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें। मौसम विभाग ने देवरिया, आजमगढ़, बलिया, मऊ, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, गोरखपुर,अयोध्या, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, जौनपुर और अंबेडकर नगर में यलो अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के मुताबिक, सुबह के समय 500 से 800 मीटर की विजिबिलिटी वाला कोहरा देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने आगरा, एटा, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, कानपुर, प्रयागराज, फतेहपुर, बांदा, हरदोई, फतेहगढ़ और लखनऊ में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के अनुसार, यूपी में 2 जनवरी तक कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद 3 जनवरी से पहाड़ों की ओर से ठंडी हवाएं चलना शुरू होंगी। जिसके चलते राज्य में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। ठंडी हवाओं के प्रभाव से सुबह-शाम की ठंड बढ़ेगी और शीतलहर का असर तेज हो सकता है। अब जानिए प्रदेश में क्षेत्रवार मौसम का हाल- वाराणसी, कानपुर, अलीगढ़, संभल समेत करीब 34 जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। 8-10 शहरों में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई है। बर्फीली हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग और स्थानीय मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, कोहरा, ठंड और गलन पूरे प्रदेश में महसूस की जा रही है, लेकिन क्षेत्रवार इसका असर अलग-अलग है। पश्चिमी यूपी जैसे मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा में सबसे ज्यादा ठंड और गलन है। यहां सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा रहता है। इससे दृश्यता कम है और ठिठुरन ज्यादा है। दिन में हल्की धूप निकलने से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन गलन और ठंड का असर बना रहेगा। यहां पर न्यूनतम तापमान 4 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। वहीं पूर्वांचल जैसे वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, बलिया, प्रयागराज में भी सुबह-शाम घना कोहरा छाया हुआ है। यहां गलन पश्चिमी यूपी के मुकाबले थोड़ी कम है, लेकिन नमी के कारण ठंड चुभन वाली बनी हुई है। यहां न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच बना है। बुंदेलखंड जैसे झांसी, ललितपुर, बांदा, महोबा, हमीरपुर में ठंड तो बनी हुई है, लेकिन कोहरा और गलन यहां कम है। यहां का न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच है। 29 दिसंबर को बाराबंकी और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बुलंदशहर, हरदोई में 8.5 डिग्री सेल्सियस और मेरठ में 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ओवरऑल यूपी की बात करें तो तापमान 10 डिग्री से नीचे ही दर्ज किया जा रहा है। अब जानिए पड़ोसी राज्यों में क्या स्थिति? पड़ोसी राज्यों की बात करें, तो बिहार में पूर्वांचल जैसी ही स्थिति है और गलन तेज बनी हुई है। मध्यप्रदेश और राजस्थान के उत्तरी हिस्सों में रातें ठंडी हैं, लेकिन दिन के समय हवा चलने और धूप निकलने से कोहरा और गलन कम है। मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के अनुसार, दिल्ली‑एनसीआर और पश्चिमी यूपी के कुछ जिले घने कोहरे और तेज गलन का सामना कर रहे हैं। खास बात यह है कि यूपी के कई मैदानी जिले इस समय शिमला और मनाली जैसे पहाड़ी इलाकों से भी ज्यादा ठंडे महसूस हो रहे हैं। क्योंकि, यहां नमी और कमजोर हवा के कारण गलन ज्यादा है। शिमला में न्यूनतम 6.5, तो यूपी में 8 डिग्री सेल्सियस
अगर शिमला की बात करें तो 29 दिसंबर को यहां न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, यूपी में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक जनवरी को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। वहीं शिमला में अधिकतम 14 और न्यूनतम 4, मनाली में अधिकतम 12 और न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की संभावना है। मौसम विभाग का अलर्ट, यात्रा से बचने की सलाह
मौसम विभाग (IMD) ने अगले 2 से 3 दिनों तक भयंकर ठंड और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि बेवजह यात्रा न करें और सतर्कता बरतें। मौसम की मार के चलते यूपी सरकार भी अलर्ट मोड पर है। सीएम योगी ने अफसरों से तत्काल फील्ड में उतरने को कहा है। उन्होंने कहा कि अफसर जमीनी हकीकत का जायजा लें। सार्वजनिक स्थानों पर अलाव और कंबलों की व्यवस्था कराएं। अब जानिए जनवरी में कैसा रहेगा मौसम जनवरी के पहले सप्ताह में यूपी में घना कोहरा और ठंड का असर जारी रहेगा। खासकर सुबह-शाम के समय दृश्यता कम रहेगी और तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, जनवरी के शुरुआती सप्ताह (1-7 जनवरी) में कोहरा और ठंड बनी रहने का अनुमान है। रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। सुबह-शाम कोहरे की हालत बनी रहेगी। इसके कारण शीतलहर और ठंड का आभास बढ़ेगा। जनवरी में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। खासकर पश्चिमी विक्षोभ के चलते कुछ दिन बारिश-बादलों का असर दिखाई दे सकता है। पूरे महीने के दौरान रात का तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। दोपहर में हल्की धूप से थोड़ी राहत मिल सकती है, पर ठंड और शीतलहर का असर बना रहेगा। ————————— ये खबर भी पढ़ें… यूपी में भयंकर ठंड, नए साल में और बिगड़ेगा मौसम, 12वीं तक स्कूल-कॉलेज 4 दिन बंद यूपी में अब हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ने लगी है। इसे देखते हुए 12वीं तक के स्कूल-कॉलेजों को एक जनवरी तक बंद कर दिया गया है। सुबह से वाराणसी, कानपुर, अलीगढ़, संभल समेत 30 जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। 8-10 शहरों में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई है। पढ़िए पूरी खबर…


https://ift.tt/Lj9BAhV

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *