एशिया की सबसे बड़ी परीक्षा संस्था माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए यूपी बोर्ड और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यूपी बोर्ड द्वारा प्रिंटिंग प्रेस में छपवाए गए प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाएं जिलों में पहुंचाई जा रही हैं। प्रत्येक जिले में इन्हें जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) की निगरानी में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जा रहा है। इसके बाद परीक्षा से ठीक पहले प्रश्न पत्रों और कॉपियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। प्रयागराज जिले में बोर्ड परीक्षा के लिए राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज (जीआईसी) में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। यहां डीआईओएस पी.एन. सिंह की मौजूदगी में प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रखा गया है। डीआईओएस के अनुसार जिले में कुल 333 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा संचालन को सुचारु बनाने के लिए जिले को 8 जोन और 33 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा जिले में 8 सचल दल गठित किए गए हैं, जिनमें कार्मिकों की नियुक्ति कर दी गई है। डीआईओएस पी.एन. सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी की अनुमति के बाद प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं को परीक्षा केंद्रों पर भेजा जाएगा। संभावना है कि यह प्रक्रिया 10 फरवरी से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो जाएगी। प्रयागराज जिले में इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 1,95,912 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इनमें से 11 परीक्षा केंद्र संवेदनशील और 8 अतिसंवेदनशील घोषित किए गए हैं, जहां अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। प्रश्न पत्रों की रॉन्ग ओपनिंग रोकने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। डीआईओएस स्तर पर केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक हो चुकी है, जबकि जल्द ही जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर यूपी बोर्ड की गाइडलाइन के तहत केंद्र व्यवस्थापकों और मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। डीआईओएस ने अपना मोबाइल नंबर सार्वजनिक करते हुए कहा है कि बोर्ड परीक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है। परीक्षा केंद्रों पर भी प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाएं डबल लॉक अलमारी वाले स्ट्रांग रूम में रखी जाएंगी। प्रश्न पत्र 5 से 7 लेयर की कवरिंग में हैं और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह फूलप्रूफ है। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा में किसी भी तरह की चूक की कोई संभावना नहीं है।
https://ift.tt/vaqEW82
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply