DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:कथावाचक राजन महाराज बोले- दम है तो गोली मारो; बजट में 2 हाई स्पीड रेल मिलीं; REEL बनाने के लिए 20 लाख चुराए

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर केंद्रीय बजट में यूपी को मिले हाईस्पीड रेल कॉरिडोर, इंटीग्रेटेड लॉजिस्टिक हब सहित अन्य प्रोजेक्ट्स को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर प्रदेश में बिगड़े मौसम, बारिश और कोहरे से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- यूपी को 2 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर मिले; 75 जिलों में गर्ल्स हॉस्टल बनेंगे केंद्रीय बजट में यूपी को कई सौगातें मिली हैं। प्रदेश को 1,500 KM के 2 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर मिले। पहला कॉरिडोर दिल्ली से वाराणसी और दूसरा वाराणसी से सिलीगुड़ी के बीच बनेगा। काशी में इंटीग्रेटेड लॉजिस्टिक हब बनेगा। हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल और ट्रामा सेंटर खुलेंगे। गंगा एक्सप्रेसवे के लिए 22500 करोड़ का लोन। लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो के लिए भी बजट। पढ़ें पूरी खबर 2- योगी ने कहा- यह नए भारत का बजट; डिंपल बोलीं- बजट में कुछ नहीं बजट पर सीएम योगी ने कहा- नए भारत ने विकसित भारत के लिए बजट पेश किया। अखिलेश यादव बोले- बजट कुछ समझ नहीं आया। भाजपाई बजट का परिणाम शेयर मार्केट के धड़ाम होने के साथ ही आ गया। डिंपल यादव बोली- बजट में न महिलाओं के लिए कुछ है न युवाओं के लिए। इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा- इस बार का बजट वित्त मंत्री जी को भी समझ में नहीं आया। पढ़ें पूरी खबर 3- पूर्वांचल में कोहरे में 8 गाड़ियां टकराईं; 2 की मौत- दरोगा समेत 10 घायल यूपी में मौसम फिर बिगड़ गया है। बरेली, आगरा, मेरठ समेत 15 जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई। मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली और अमरोहा में ओले गिरने से सड़क पर सफेद चादर बिछ गई। पूर्वांचल में कोहरे में 8 गाड़ियां टकराईं। 2 की मौत; दरोगा समेत 10 घायल हुए। लखनऊ, कानपुर समेत कई स्टेशनों पर 30 से ज्यादा ट्रेनें लेट रहीं। लखनऊ में विमान लैंड नहीं हो सका। पढ़ें पूरी खबर 4- राजभर बोले- शंकराचार्य विपक्ष न बनें, पार्टी जॉइन कर खुलकर आएं शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद की राजनैतिक टिप्पणियों पर मंत्री ओपी राजभर ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा- अगर उन्हें राजनीति ही करनी है, तो फिर उन्हें खुलकर मैदान में आ जाना चाहिए। उन्हें किसी राजनीतिक दल को जॉइन कर पार्टी का झंडा-डंडा लेकर जनता के बीच निकलना चाहिए। महात्माओं को ऐसी राजनीति शोभा नहीं देती। धर्मगुरु रहें, विपक्ष का रोल न निभाए। पढ़ें पूरी खबर 5- गोरखपुर में राजन महाराज बोले- दम है तो गोली मारकर दिखाओ; धमकी के बाद भड़के गोरखपुर में राजन महाराज की रामकथा चल रही। कथा के दौरान मंच पर चढ़ने को लेकर बवाल हो गया। टीम मेंबर को गोली मारने की धमकी दी गई। इसके बाद वह मंच पर ही भड़क गए। कहा- दम है तो गोली मारकर दिखाओ। हमें दुख इस बात का है कि घटना हमारे घर में हुई। गोरखपुर हमारा घर है। 16 साल की यात्रा में पहली बार ऐसी घटना हुई। हमारे घर में बवाल हुआ। पढ़ें पूरी खबर अब 8 अहम खबरें… 6- रविदास जयंती पर 10 चार्टर्ड प्लेन से पहुंचे भक्त; काशी में डॉलर की माला पहनाई रविदास जंयती पर काशी में उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में रैदासियों की भीड़ उमड़ी। रविवार को काशी में 3 किलोमीटर तक भक्तों की लाइन लगी रही। 1000 से ज्यादा NRI 10 चार्टर्ड विमानों से पहुंचे। संत रविदास को डॉलर की माला पहनाई। मंदिर के पास 150 फीट ऊंची रविदासी पताका भी फहराया गया। 3 बड़े लंगर चल रहे। दोपहर में नगीना सांसद चंद्रशेखर भी पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर 7- गाजीपुर में गंगा में डूब रही थी पत्नी; बचाने कूदा पति- तैरना नहीं आता था गाजीपुर में माघ पूर्णिमा स्नान के दौरान महिला गंगा में डूबने लगी। घाट पर खड़े पति ने देखा तो उसने भी छलांग लगा दी। पति को भी तैरने नहीं आता था। वह भी डूबने लगा। दोनों को डूबता देखकर घाट पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर घाट पर तैनात रेस्क्यू टीम पहुंची। गोताखोरों ने डूब रहे पति-पत्नी को बचाया। रेस्क्यू के दौरान दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे रहे। पढ़ें पूरी खबर 8- गाजियाबाद में पेट्रोल से युवक ने लगाई आग; मौत से पहले सर्च किया-तुरंत कैसे मरें गाजियाबाद में युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। मरने से पहले युवक ने अपने मोबाइल पर सर्च किया था कि तुरंत मरने के लिए क्या करना चाहिए-फांसी लगानी चाहिए या जलकर मरना चाहिए। युवक का चयन राजस्थान कोर्ट में स्टेनो पद पर हुआ था। पिता बोले- किसी ने पेट्रोल डालकर जलाया है। पढ़ें पूरी खबर 9- माघ मेले में संतों ने त्रिशूल लहराया; 2.10 करोड़ से अधिक ने डुबकी लगाई प्रयागराज माघ मेले में रविवार को श्रद्धालुओं ने माघ पूर्णिमा का स्नान किया। संगम में डुबकी लगाने के लिए एक दिन पहले से ही लोगों ने आना शुरू कर दिया था। सुबह से धूप खिलने की वजह से शाम तक 2.10 करोड़ से अधिक लोगों ने संगम में डुबकी लगा ली थी। साधुओं ने त्रिशूल- डमरू लहराकर स्नान किया। हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। VVIP मूवमेंट बैन रहा। पढ़ें पूरी खबर 10- नोएडा में थार खरीदने के लिए 20 लाख की चोरी; नाबालिग चोर बोले- रील बनाना था नोएडा के जेवर में रीलबाज युवकों ने रील बनाने के लिए थार गाड़ी खरीदने का फैसला किया। लेकिन ‘ड्रीम कार’ खरीदने के लिए उनके पास पैसे नहीं थे। ऐसे में चार नाबालिग लड़कों ने चोरी की योजना बनाई। दरअसल, पड़ोस में एक व्यक्ति ने जमीन बेची थी। उन्हें पता चला कि पैसे घर पर रखे हैं। इसके बाद पड़ोसी के घर के 20 लाख रुपए उड़ा लिए। मगर CCTV की वजह से पकड़े गए। 11- यूपी सरकार का अग्निवीरों को तोहफा; परिवहन विभाग की नौकरियों में 20% आरक्षण यूपी सरकार ने अग्निवीरों के लिए बड़ी तैयारी की है। परिवहन विभाग की नौकरियों में अग्निवीरों को अब प्राथमिकता मिलेगी। अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत सीटें आरक्षित की जाएंगी। राज्य सरकार ने परिवहन निगम निदेशालय को इससे संबंधित एक पत्र भेजा है। पिछले साल पुलिस भर्ती में भी सरकार ने आरक्षण का फैसला लिया था। दरअसल, अग्निवीरों का पहला बैच 2026 में रिटायर हो रहा। 12- अंबेडकरनगर में ट्रक में घुसी कार; चाचा-भतीजे समेत 3 की मौत-5 घायल अंबेडकरनगर में तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार चाचा-भतीजे समेत तीन की मौत हो गई। पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी गोरखपुर के रहने वाले हैं और दिल्ली से लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो कार ट्रक में ही फंस गई और 50 मीटर तक घिसटती चली गई। बोनट का बायां हिस्सा ड्राइविंग सीट तक पिचक गया। पढ़ें पूरी खबर 13- वाराणसी में छत पर भिड़ी महिलाएं; धक्का दिया तो दूसरी ने साड़ी पकड़ी-दोनों गिरीं वाराणसी में कपड़े सुखाने को लेकर दो महिलाएं छत पर भिड़ गईं। एक-दूसरे पर कपड़े फेंकने लगीं। हाथापाई में एक ने दूसरी को धक्का दे दिया। गिरते समय पहली महिला ने दूसरी की साड़ी पकड़ ली। दोनों छत की दूसरी मंजिल से जमीन पर आ गईं। गंभीर चोट लगने से एक महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरी के कमर और शरीर की हड्डियां टूट गईं। हालत नाजुक है। पढ़ें पूरी खबर खबर जो हटकर है… 14- किसान को 45 साल बाद पछतावा, घोड़े की घंटी बग्घी मालिक को लौटाने पहुंचा सहारनपुर में किसान नरेश त्यागी को 45 साल बाद अपनी गलती पर पछतावा हुआ। दरअसल, वर्षों पहले खेत में एक घोड़ा घुस आया था। गुस्से में उन्होंने घोड़े के गले में बंधी घंटी उतार ली थी। पैंतालीस साल बाद उनको पछतावा हुआ। घोड़ा बग्घी मालिक को ढूंढ़ने लगे। उसके घर पहुंचे। पता चला घोड़ा मालिक मर चुका है। घोड़ा मालिक सगीर कुरैशी के बेटे अनीस को घंटी सौंपकर माफी मांग ली। कैसा रहेगा कल का मौसम 15- बारिश का यलो अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार 2 फरवरी को कानपुर, लखनऊ समेत 10 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बर्फीली हवाओं से ठंड बढ़ेगी। अगले 3 दिन मौसम बिगड़ा रहेगा। पहाड़ी इलाकों पर बर्फबारी के बाद वहां से आ रही ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवा ने ठंड बढ़ा दी है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…


https://ift.tt/Sxpb8OT

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *