DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

मैनपुरी में अचानक बदला मौसम:10 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान, कोहरे में डूबा शहर

मैनपुरी में देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर सामान्य रहने के बाद शाम ढलते ही ठंडी हवाएं चलने लगीं और रात होते-होते तापमान गिरकर लगभग 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। करीब एक महीने बाद जिले में फिर से घने कोहरे का असर देखा गया, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी का एहसास हुआ। शाम से ही आसमान में धुंध छाने लगी थी, लेकिन देर रात तक कोहरा इतना घना हो गया कि पूरा शहर सफेद चादर में ढक गया। कोहरा धुएं की तरह उड़ता नजर आया, जिससे दृश्यता (विजिबिलिटी) बेहद कम हो गई। शीतलहर के कारण सर्दी अचानक बढ़ गई और लोग घरों से बाहर निकलने से बचते दिखे।
सर्दी और कोहरे का सबसे अधिक असर सड़कों पर देखा गया। आम दिनों में गुलजार रहने वाली सड़कें सुनसान नजर आईं। वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और चालक बेहद सतर्क होकर गाड़ियां चलाते दिखे। नेशनल हाईवे स्थित बस स्टैंड, जहां आमतौर पर 24 घंटे लोगों की आवाजाही और वाहनों की चहल-पहल रहती है, वहां भी सोमवार रात सन्नाटा पसरा रहा। स्थानीय दुकानदार गुड्डू ने बताया कि पिछले एक महीने से लगातार सर्दी कम हो रही थी और लोग मान चुके थे कि अब ठंड जा चुकी है। लेकिन सोमवार रात अचानक मौसम बदल गया। शाम से ठंडी हवाएं चलने लगीं और देखते ही देखते कोहरे ने पूरे शहर को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों को इतनी जल्दी हुए इस मौसम परिवर्तन पर आश्चर्य हुआ। मौसम विभाग ने पहले ही तीन दिनों तक सर्दी, कोहरा और शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया था। बदले मौसम ने एक बार फिर लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है। जनवरी के अंत में मैनपुरी में सर्दी ने जोरदार वापसी की है।


https://ift.tt/9PmW0A7

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *