DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

मेरठ में लगातार रिकार्ड तोड़ रही ठंड:पिछले 15 सालों में सबसे ठंडा रहा 2025 का क्रिसमस, एक रात में 5 डिग्री गिरा तापमान

मेरठ में ठंड लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ नजर आने लगा है। शीतलहर के प्रकोप के बीच मेरठ में बुधवार की रात सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। रात का तापमान 5.8 डिग्री की भारी गिरावट के साथ 4.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं बीते डेढ़ दशक में वर्ष 2025 का क्रिसमस सबसे ठंडा रहा है। इससे पहले पिछले 15 वर्षों में अधिकतम तापमान कभी इतना नीचे नहीं गिरा था। घने कोहरे की चादर में लिपटा शहर
बृहस्पतिवार की सुबह पूरा शहर घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। दृश्यता इतनी कम थी कि हाईवे पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर रेंगते हुए चलना पड़ा। हाथ-पैर सुन्न कर देने वाली ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और दिहाड़ी मजदूरों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि दोपहर करीब 12 बजे के बाद कोहरा कुछ हद तक छंटा और सुनहरी धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन शीतलहर के चलते ठिठुरन बनी रही। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला के अनुसार बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
नए साल पर और बढ़ेगी ठंड
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। कोहरा और शीतलहर का असर लगातार बना रहेगा, जिससे ठिठुरन और बढ़ेगी। नए साल की शुरुआत भी कड़ाके की ठंड के बीच होने की संभावना है।
जहरीली हुई शहर की हवा
ठंड के साथ-साथ मेरठ वासियों को दूषित हवा का भी सामना करना पड़ रहा है। कोहरे और स्मॉग के मेल ने शहर की हवा को और जहरीला बना दिया है। बृहस्पतिवार को शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 218 से बढ़कर 246 तक पहुंच गया, जो स्वास्थ्य के लिहाज से चिंताजनक स्तर माना जा रहा है। विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और सांस के रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।


https://ift.tt/EF3W7Yv

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *