भ्रष्टाचार को लेकर लोकायुक्त जांच में फंसे सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से अस्पताल संभल नहीं पा रहा है। अब यहां इलाज के अभाव में एक बुजुर्ग महिला की मौत का आरोप सामने आया है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और शव लेने से इनकार कर दिया। महिला को शुक्रवार शाम 4 बजे लगातार उल्टियां होने के बाद भर्ती कराया गया था, लेकिन शनिवार सुबह उनकी मृत्यु हो गई। मृतका की बेटी बेबी ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को भर्ती कराए जाने के बाद वे रात भर डॉक्टरों को इलाज के लिए बुलाती रहीं, लेकिन कोई चिकित्सक उनकी मां को देखने नहीं आया। अंततः शनिवार सुबह उनकी मां ने दम तोड़ दिया। कादीपुर के शोधनपुर निवासी बेबी ओझा ने बताया कि उनकी मां को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती के बाद चिकित्सकों को जानकारी दी गई, लेकिन मामूली उपचार के बाद उन्हें चौथे तल पर छोड़ दिया गया। बेटी ने रात भर इलाज के लिए गुहार लगाई, पर चिकित्सकों और स्टाफ ने ध्यान नहीं दिया और न ही कोई सुविधा उपलब्ध कराई गई। महिला की मौत के बाद परिजनों का चौथे फ्लोर पर हंगामा जारी रहा। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान, सुरक्षाकर्मियों ने मोबाइल कैमरे ऑन करने पर आपत्ति जताई। विवेक ओझा ने जब अपनी बड़ी मां की इलाज के अभाव में मौत की बात कही, तो उन्हें कथित तौर पर मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी गई। इस बाबत प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका फोन नहीं उठा। बता दें कि शुक्रवार को ही समायोजन में नियमों की अनदेखी कर वसूली का आरोप लगाते हुए प्राचार्य के विरुद्ध कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन हुआ था। चार दिन पूर्व एक महिला नर्स ने प्राचार्य व अन्य पर मानसिक प्रताड़ना आदि के गंभीर आरोप लगाते हुए वीडियो वायरल किया था। इसके अलावा आय से अधिक सम्पति बनाने व लीड रिसोर्स कंपनी के माध्यम से आउट सोर्सिंग भर्ती में प्राचार्य सवालों के घेरे में हैं।
https://ift.tt/2aZVClE
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply