मुरादाबाद में शनिवार को व्यापारियों ने नगर निगम की किराया बढ़ोत्तरी के खिलाफ बाजार बंद कर दिया। व्यापारियों ने अंबेडकर मार्केट और कटरा नाज मार्केट में दुकानों के शटर गिराकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। व्यापारियों का कहना है कि बाजार पहुंचे अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार ने दोपहर 3 बजे तक किराया जमा नहीं करने पर दुकानें सील करने की धमकी दी थी। जिससे व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।
व्यापारियों का कहना है कि नगर निगम की ओर से अभी तक किराया निर्धारण नहीं किया गया है। इसीलिए किराया वसूली के लिए डिमांड नोट भी व्यापारियों को नहीं दिए गए हैं। दुकानें बंद करके प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने निगम अफसरों पर उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। वहीं इस मामले में अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार का कहना है कि निगम बोर्ड ने किराया निर्धारण का अधिकार मेयर को सौंप दिया था और मेयर किराया निर्धारित कर चुके हैं। व्यापारी बोले- अपना एग्रीमेंट तोड़कर 25 गुना बढ़ा दिया किराया पटेल मार्केट टाउनहाल पर साइकिल की दुकान चलाने वाले व्यापारी दिनेश शर्मा ने कहा- ये नगर निगम अफसरों की
नादिरशाही, तानाशाही है कि दुकान को सील कर देंगे। दुकानों में लाखों करोड़ों का माल रखा है। इससे व्यापारियों की बर्बादी होगी। नगर निगम के अधिकारियों का ये रवैय्या भाजपा सरकार और मोदी-योगी को बदनाम कर रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने खुद ही व्यापारियों के साथ एग्रीमेंट किया था कि प्रति 10 वर्ष पर किराए में 12.5 प्रतिशत किराया बढ़ाया जाएगा। लेकिन अब नगर निगम ने अपना खुद का ही एग्रीमेंट तोड़कर किराया 25 गुना तक कर दिया है। आज अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार ने बाजार में आकर व्यापारियों से कहा कि दोपहर 3 बजे तक किराया नहीं दिया तो दुकानें सील कर देंगे। हमें किराया और नामांतरण शुल्क देने में दिक्कत नहीं है लेकिन ये बहुत ज्यादा है।
अपर नगर आयुक्त ने हमें दुकानें सील करने की धमकी दी व्यापार मण्डल सुरक्षा समिति के अध्यक्ष रतन भाटिया ने दैनिक भास्कर से कहा- अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार आज बाजार में आए थे। उन्होंने कहा कि तीन बजे तक किराया दो वरना दुकानों पर सील लगा दूंगा। सबसे बड़ी बात है कि अधिकारी ये तो कह रहे हैं कि किराया जमा करा दो लेकिन अभी तक यह तय नहीं कर पाए कि कितना किराया जमा कराना है। डिमांड नोट भी नहीं देते। रतन भाटिया बोले- हमारा पुराना एग्रीमेंट तोड़कर इन्होंने किराया 618 रुपए प्रति वर्ग मीटर डीएम सर्किल रेट से निर्धारित कर दिया। ये बहुत ज्यादा है। विरोध करने पर 434 रुपए वर्ग मीटर अंबेडकर पार्क मार्केट का किराया करने की बात कहते हैं। जबकि नगर निगम की ओर से मेयर की अध्यक्षता में गठित कमेटी कहती है कि, किराया ज्यादा से ज्यादा डेढ़ गुना या फिर बहुत जरूरी है तो दोगुना कर दिया जाए। रतन भाटिया ने कहा कि इस कमेटी की रिपोर्ट को दरकिनार करके अधिकारी मनचाहा किराया वसूल करना चाहते हैं, जिसका व्यापारी विरोध कर रहे हैं।
शहर में नगर निगम की 488 दुकानें किराए पर मुरादाबाद शहर में नगर निगम की 488 दुकानें हैं। ये दुकानें अंबेडकर मार्केट, पटेल मार्केट,जनाना हॉस्पिटल के सामने, गोविंद मार्केट, कटरा नाज मार्केट, हैलेट रोड मार्केट बुध बाजार प्रताप मार्केट, मानपुर मार्केट आदि बाजारों में स्थित हैं। दशकों से ये दुकानें व्यापारियों को मामूली किराए पर आवंटित हैं। कुछ महीने पहले नगर निगम ने इन दुकानों का किराया बढ़ाने का फैसला किया था। जिसका व्यापारी विरोध कर रहे हैं।
अपर नगर आयुक्त बोले-व्यापारी बाजार बंदी की धमकी देते हैं
अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार ने दैनिक भास्कर से कहा- व्यापारी किराया दर निर्धारित नहीं होने के आरोप लगा रहे हैं जबकि किराया निर्धारित हो चुका है। नगर निगम बोर्ड ने मेयर को इसके लिए अधिकृत किया था। उन्होंने प्रस्तावित किराए में काफी कटौती करते हुए नए किराए की दर को मंजूरी दी थी जिसे नगर निगम कार्यकारिणी द्वारा अनुमोदित किया जा चुका है। अजीत कुमार ने कहा- जब भी हमारी टीम किराया वसूली को व्यापारियों के पास जाती है तो वे बाजार बंद करने की धमकी देते हैं। ऐसे में स्थिति ये है कि किराया वसूल करने वाले कर्मचारियों की पगार तक निकलना मुश्किल हो गया है।
https://ift.tt/WkrImJB
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply