DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

मुरादाबाद में एफपीओ की जिला स्तरीय बैठक:किसानों की आय बढ़ाने और सुचारु संचालन पर हुई चर्चा

मुरादाबाद में कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के सुचारु संचालन और किसानों की आय वृद्धि को लेकर एक जिला स्तरीय परियोजना प्रबंधन इकाई एवं जनपद स्तरीय मॉनिटरिंग समिति (डीएमसी) की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक विकास भवन सभागार में हुई, जिसकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने की। उप कृषि निदेशक संतोष कुमार द्विवेदी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों और एफपीओ सदस्यों का स्वागत किया। इस दौरान एफपीओ द्वारा फसलवार उत्पादन, विक्रय, संस्थागत विपणन और सदस्य कृषकों की आय बढ़ाने के लिए अपनाई जा रही गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। उप कृषि निदेशक ने बताया कि मुरादाबाद जनपद में कुल 33 एफपीओ पीएम गति शक्ति पोर्टल पर पंजीकृत हैं। कई एफपीओ को सब-मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक के लिए 8 लाख रुपये (80 प्रतिशत) तक का अनुदान भी प्रदान किया गया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एफपीओ का गठन केवल सरकारी अनुदान प्राप्त करने के उद्देश्य से नहीं होना चाहिए। बल्कि, संगठित प्रयासों और किसानों की संख्या बढ़ाकर आय में उल्लेखनीय सुधार किया जा सकता है। बैठक में वैपकैड एफपीओ के सीईओ विकास सिंह ने जानकारी दी कि उनका संगठन श्रीअन्न की प्रोसेसिंग कर बिस्किट, कुकीज और लड्डू जैसे उत्पाद तैयार कर रहा है। उन्होंने कोदो के डबल हस्क हटाने के लिए प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग मशीन तथा प्रचार हेतु मिलेट्स मोबाइल आउटलेट की आवश्यकता जताई। फैमिली फार्मर एफपीओ के आरेन्द्र बड़गोती ने गन्ने के साथ रागी की सहफसली खेती कर नवाचार की जानकारी दी। उन्होंने 3पी मॉडल (प्रोड्यूसिंग, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग) अपनाकर बेहतर आय प्राप्त करने की बात कही। मुरादाबाद मौन पालन एफपीओ के निदेशक राजेश कुमार ने शहद उत्पादन के लिए हनी टेस्टिंग लैब और वेयरहाउस की जरूरत बताई। वहीं, मणि एग्रो हब, लखनऊ के सीईओ डॉ. अय्यूब हुसैन ने मोती की खेती को किसानों के लिए लाभकारी बताया। मुख्य विकास अधिकारी ने आश्वासन दिया कि जनपद में हनी टेस्टिंग लैब, वेयरहाउस, प्रोसेसिंग मशीन और साईलेज प्रोसेसिंग यूनिट उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। बैठक में कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।


https://ift.tt/r5xKnGj

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *