मुरादाबाद के सामाजिक वानिकी प्रभाग मुरादाबाद और परिवर्तन “दी चेंज” संस्था ने मोड़ा तेहिया झील पर बर्ड वॉचिंग और नेचर ट्रेल कार्यक्रम का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों और आम जनता में प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता तथा जैव-विविधता के प्रति रुचि बढ़ाना था। इस दौरान हुए अवलोकन में कुल 29 प्रजातियों के पक्षियों को रिकॉर्ड किया गया। इनमें सारस, पर्पल स्वॉम्प हेन, लिटिल एग्रेट, पर्पल हेरन, लिटिल कॉर्मोरेंट, इंडियन स्पॉट-बिल्ड डक, स्वॉलो और कूट जैसी प्रजातियाँ शामिल थीं। कार्यक्रम में मुरादाबाद की मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) मृणाली अविनाश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके मार्गदर्शन में पिछले दो महीनों से इस कार्यक्रम की योजना बनाई जा रही थी। सीडीओ के प्रस्ताव पर डीएफओ मुरादाबाद अविनाश पांडेय ने विभागीय अधिकारियों के साथ मिलकर आयोजन की रूपरेखा तैयार की और परिवर्तन “दी चेंज” संस्था को इसकी जिम्मेदारी सौंपी। बर्ड वॉचिंग सत्र का संचालन नजीबाबाद की विशेषज्ञ वृन्दा बजाज और देहरादून के पक्षी विशेषज्ञ अरुण सरकार ने किया। विशेषज्ञों ने स्कूली छात्रों और अन्य आगंतुकों को पक्षियों की पहचान, उनके व्यवहार और जैव-विविधता संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। जीआईसी मानपुर और जीआईसी कुचावली के छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने न केवल विभिन्न पक्षियों को करीब से देखा, बल्कि पौधों, पर्यावरण और पारिस्थितिकी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी प्राप्त कीं। अतिथियों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने वन विभाग और परिवर्तन “दी चेंज” संस्था के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर सामाजिक वानिकी विभाग से बिलारी रेंजर रिजुल कंसल, डिप्टी रेंजर मनोज, पुष्पेंद्र चौधरी, अनुज, नमामि गंगे से जिला परियोजना अधिकारी पूजा सिन्हा, पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. अनामिका त्रिपाठी तथा परिवर्तन “दी चेंज” संस्था से अध्यक्ष कपिल कुमार, आदित्य, विवेक, प्रिंस और आकांक्षा सहित कई स्वयंसेवक मौजूद रहे।
https://ift.tt/mvqHScx
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply