मुजफ्फरनगर में महाशिवरात्रि पर्व पर हरिद्वार से 51 लीटर गंगाजल लेकर आ रहे बागपत निवासी कावड़िया विकास मेहरा गंभीर रूप से घायल हो गए। भादराबाद टोल से रुड़की बाईपास पार करते समय बारिश में पैर फिसलने से उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर आ गया। उन्हें देर शाम मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल कावड़िया विकास मेहरा ने जिला अस्पताल के स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इलाज और ऑपरेशन के नाम पर अस्पताल कर्मियों द्वारा उनसे अवैध रूप से धन की मांग की गई। पीड़ित के अनुसार, किसी ने 25,000 तो किसी ने 30,000 रुपए तक मांगे। विकास मेहरा ने आरोप लगाया कि जब वह आज सुबह अस्पताल से जाने लगे, तो वहां तैनात गार्ड ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इस घटना की जानकारी मिलने पर शिवसेना के पदाधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। घायल कावड़िया के समर्थन में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकारी अस्पताल में इलाज के नाम पर पैसे मांगना गरीब मरीजों के साथ अन्याय है। उन्होंने मांग की कि ऑपरेशन के नाम पर हजारों रुपए मांगने वाले स्टाफ और अभद्रता करने वाले गार्ड के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। शिवसेना पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा।
https://ift.tt/rB6UInT
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply